छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्वामी आत्मानंद स्कूल के संचालन संबधी प्रश्न गूंजा है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खैरागढ़ में शैक्षिक योजना अंतर्गत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खैरागढ़ में खोलने के लिए छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि राजनादगांव जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अवगत कराया है कि राज्य शासन द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का संचालन होना है। जिसमे प्राइमरी से हायर सेकेंडरी तक की कक्षाएं सीबीएसई पाठ्यक्रम से संचालित की जानी है।
इसी योजना से संबंधित कक्षाएं राजनादगांव जिला अंतर्गत खैरागढ़ ब्लाॅक में विगत तीन शिक्षा सत्र से प्राथमिक शाला क्रमांक 01 एवं शासकीय आंग्ल पूर्व माध्य. शाला में इग्नाईट शाला के नाम से बहुत अच्छे से संचालित हो रही है, चूंकि छत्तीसगढ़ के समस्त ब्लॉक मुख्यालयों में उक्त योजना को शुरू किया जानी है लेकिन खैरागढ़ ब्लॉक में नहीं खोला गया है जिससे छात्रों को परेशानी हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसी सत्र से स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की मांग की है। इससे यहां के बच्चों को भी लाभ मिल पाएगा।
