ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम विचारपुर में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी के सिर पर सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। घटना रात को 11 से 12 के बीच की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला के सिर पर कई बार वार किया। इसके चलते सिर क्षत-विक्षत हो गया था।
थाना प्रभारी सतीश पुरिया ने बताया कि गुरुवार की रात को अशोक सिंह राजपूत का पत्नी रंजना ठाकुर के साथ विवाद हुआ। सिलबट्टे से सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। कई बार वार करने से महिला का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दो बेटियां हैं जो पढ़ रही हैं
हत्या करने के बाद आरोपी घर चला गया। आसपास के लोगों ने तत्काल थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ ही देर में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में पता चला है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इनकी दो बेटियां हैं जो दूसरे शहर में पढ़ाई कर रहीं हैं। मौके से हत्या में इस्तेमाल किए गए सिलबट्टे की बरामदगी कर ली गई है। आरोपी पर धारा 302 तक प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
