राजनांदगांव। शहर के मोतीपुर रामनगर वार्ड में रविदास समाज द्वारा सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हफी खान, महापौर हेमा देशमुख और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा भी शामिल हुए।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य पर संत शिरोमणि रविदास के अनुयायियों द्वारा सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मौजूद अतिथियों ने संत रविदास के मंदिर पर उनकी प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया, वहीं समाज को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि जीवन में गुरुओं का अहम स्थान होता है। गुरु के बिना कुछ नहीं होता और गुरु के आशीर्वाद से सब कुछ होता है। आयोजन के दौरान समाज के लोगों के द्वारा मंदिर निर्माण को लेकर महापौर से आग्रह किया गया। जिस पर महापौर ने सात लाख की लागत से मंदिर के जीर्णोद्धार और बोर खनन की स्वीकृति दी। आयोग के सदस्य हफीज खान और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के दिखाए मार्ग पर चल का समाज और आगे बढ़ सकता है, वहीं अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हफीज खान ने समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा दीक्षा दिलाने के लिए समाज के लोगों से आग्रह किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। स्थानीय पार्षद के प्रयासों से समाज के लिए मंदिर निर्माण को लेकर मिली स्वीकृति पर समाज के पदाधिकारियों ने आभार व्यक्त किया, वहीं पार्षद ने कहा कि लंबे समय से समाज के लोग यहां मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर मांग कर रहे थे। उनकी वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। पार्षद ने इसके लिए महापौर का आभार व्यक्त किया।
