राजनांदागांव। शहर के रायपुर नाका स्थित एफसीआई गोदाम के हमालों व मजदूरों को ठेकेदार द्वारा नौकरी से निकाले जाने पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने नौकरी पर पुनः बहाल के लिए गुहार लगाई॥ नौकरी पर पुनः नहीं रखने पर एक ही परिवार के 14 लोगो द्वारा सामूहिक आत्मदाह करने की बात कही गई।
शहर के रायपुर नाका स्थित भारतीय खाद्य निगम गोदाम में विगत कई वर्षों से कार्यरत मजदूरों को ठेकेदार ने बिना सूचना के काम से हटा दिया है। जिससे एफसीआई के 18 मजदूरों के सामने रोजी-रोटी की समस्या आ गई है। ऐसे में गोदाम के हमाल मजदूरों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी पीडा बताई और पुनः बहाली के लिए गुहार लगाई। इस अवसर पर मजदूरों का कहना है कि हमे बिना सूचना के काम से निकाल दिया। बीते सप्ताह भारतीय खाद्य निगम के इन मजदूरों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नौकरी की बहाली की मांग की थी लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। ज्ञापन देने के बाद भी आज ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नही हुई है और न ही हम लोगों को काम में बुलाया गया है।
भारतीय खाद्य निगम के मजदूर बीते छह-सात वर्षों से एफसीआई गोदाम में ठेका पद्धति से लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य कर रहे थे, लेकिन बीते दिनों ठेकेदार द्वारा कारण बताओ नोटिस दिए बैगर काम से हटा दिया है और मजदूरों के बदले अन्य प्रांतों से मजदूर लाकर काम करवाया जा रहा है। जिससे उनके सामने बेरोजगारी की समस्या आ गई है। उन्हे अपने परिवार के भरण-पोषण में मुश्किल हो रही है।
