लालबाग स्थित पारख नर्सिंग होम में 7 साल की बच्ची के सिर में जमा शिष्ट को चार डॉक्टरों की टीम ने चार घंटे की मेहनत के बाद निकाल दिया। राजनांदगांव में ब्रेन ऑपरेशन का यह पहला मामला बताया गया है। डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलेंद्रा (ठाकुरटोला) निवासी शीतल वर्मा की 7 साल की बच्ची शालिनी वर्मा को सिर दर्द की शिकायत थी और उसका सिर बड़ा हो रहा था।
शीतल ने अपनी बच्ची को डॉक्टर आदित्य पारख को दिखाया तो उन्होंने बच्ची का सिटी स्कैन करवाया तब पता चला कि शालिनी के आधे से ज्यादा ब्रेन में शिष्ट (ट्यूमर) था। ऐसी स्थिति में शालिनी के ब्रेन के ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। बच्ची के पिता की सहमति से डॉ.आदित्य पारख के अलावा नागपुर के सर्जन डॉ. राहुल झामड़, बेहोशी के डॉक्टर अंशुल दिवाकर एवं बच्चों के डॉक्टर विक्रम बैद ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए चार घंटे तक मेहनत कर बच्ची का आपरेशन कर शिष्ट (ट्यूमर) को निकाल दिया। अब बच्ची स्वस्थ है। डॉ. आदित्य ने बताया कि बिना पका मांस खाने से या फिर कुत्तों के संपर्क में आने से इस तरह का शिष्ट जमा हो जाता है। शिष्ट होने के अन्य कारण भी है। आपरेशन के बाद अब शालिनी वर्मा स्वस्थ है।
