केंद्रीय विद्यालय में कक्षा पहली में नव-प्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से शाला प्रवेशोत्सव समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य ई.रंगास्वामी ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। कोविड-19 महामारी के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन ऑनलाइन हुआ।
केंद्रीय विद्यालय संगठन अपने सभी विद्यालयों में कक्षा पहली के बच्चों के स्वागत में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष करता आ रहा है। शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों के बीच के सेतु तथा परिचय को सुदृढ़ करने के लिए यह उत्सव विधिवत मनाया गया। मां सरस्वती वंदना के बाद नन्हें-मुन्नों के लिए शाला के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने संगीत शिक्षक द्वय अनुराग किंजल्क और शुभमय मुखर्जी के मार्गदर्शन में ऑनलाइन लाइव माध्यम से स्वागत गान प्रस्तुत किया। इस श्रृंखला में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय ने इस कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्राचार्य ई. रंगास्वामी ने नव उदीयमान इन छात्रों को उद्बोधन स्वरूप विद्यालय की संस्कृति तथा परिपाटी का ज्ञान कराया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिक्षण के साथ-साथ सर्वांगीण विकास की सम्पूर्ण गतिविधियां क्रमबद्ध रूप से निरंतर चलती रहेंगी। मुख्य आकर्षण के केंद्र में वे सभी विद्यार्थी, जिनका अभी कक्षा पहली में आगमन हुआ है। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उनके चित्र को ऑनलाइन प्रस्तुत कर स्वागत किया गया। वरिष्ठ शिक्षिका प्रभाती लता मुखर्जी ने भी संबोधित किया।
