राजनांदगांव। डोंगरगांव ब्लाक के गुगेरी नवागांव में दो दिन पहले पकड़ी गई वनभूमि से लाखों रुपये की पत्थर चोरी के मामले में वन विभाग बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। मौके से कितनी मात्रा में पत्थर चुराया गया है, उसकी कीमत क्या होगी? इसकी जांच कराई जा रही है। ताकि तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा सके। बताया जा रहा है कि वाहन मालिकों पर जुर्माना तो लगाया ही जाएगा, उसे राजसात करने की भी तैयारी है।
गुगेरी नवागांव में रविवार को वन विभाग की टीम ने वनभूमि से पत्थर की खोदाई करती एक जेसीबी मशीन के साथ तीन हाइवा को भी जब्त किया था। जब्त वाहन विभाग के डिपो में रखा है। इस बीच विभाग ने यह पता लगाना शुरू कर दिया है कि आखिर मौके से कितने पत्थर चुराया गया है।
बताया गया कि गुगेगी नवागांव से पत्थर चोरी का खेल करीब दो माह से चल रहा था। गांव वालों ने आपत्ति ही नहीं बल्कि शिकायत भी की, लेकिन ग्राम पंचायत की तरफ से सहयोग नहीं मिलने के कारण मामला अनुभाग स्तर पर ही दबकर रह गया था। आखिर में वन विभाग ने पत्थर चोरी का बड़ा मामला पकड़ा। बताया जा रहा है कि चोरी के पत्थरों को डोंगरगांव क्षेत्र के ही सुखरी में डंप किया जा रहा था। चोरी के सारे पत्थर वहां नदी किनारे रखे गए हैं। उसे रेत उत्खनन के लिए रैम बनाने में लगाने की तैयारी है।
पत्थर चोरी में जिन वाहनों व मशीन का उपयोग किया जा रहा था, वह डोंगरगांव के ही ठेकेदारों का बताया जा रहा है। बड़ी काक्रवाई से बचने अब राजनीति कराई जा रही है। सत्ताधारी दल के नेताओं से फारेस्ट अफसरों पर दबाव डलवाया जा रहा है। जब्त वाहन सीजी 04 जेसी 8308, सीजी 08 एजे 7282 और सीजी 07 सीए 0980 है। हाइवा डोंगरगांव के किसी दिशांत चोपड़ा और महावीर मिनरल्स कंपनी का बताया गया है। वाहन मालिक के बयान के बाद स्पष्ट होगा कि इसे वे खुद चलवा रहे थे या किराय पर। इस बारे में डिप्टी रेंजर रविशंकर अग्निहोत्री ने बताया कि वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। कार्रवाई वहीं से तय की जा सकेगी। मौके की भी जांच कराई जा रही है। ताकि पता लगाया जा सके कि कितना पत्थर चोरी किया गया है।
वन भूमि से खनिज चुराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डोंगरगांव एसडीओ को जांच कराने कहा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद उसे पीसीएफ को प्रकरण भेजा जाएगा। जुर्माना तो लगाया ही जाएगा, हम वाहनों को राजसात करने की भी अनुशंसा करेंगे।
