पिछले तीन-चार महीने से मानपुर ब्लाॅक मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर ग्राम औंधी सहित आसपास के गांवों में अघोषित रूप से बिजली आपूर्ति बंद कर दी जा रही है। इस वजह से आक्रोश पनपने लगे हैं। वहीं बिजली कंपनी द्वारा पहले मेंटेनेंस का हवाला देकर घंटों बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाती थी, जिसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्राम औंधी के ग्रामीण मनमोहन सिंह, शोभित, बालकृष्ण ने बताया कि बरसात के दिनों में भी अचानक बिजली कटौती की जा है जिससे रात के अंधेरे में जंगल जीव-जंतू का खतरा बना रहता है। बिना किसी सूचना के बिजली गुल कर दी जाती है। उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। थोड़े से मौसम में बदलाव आने पर अचानक अनावश्यक रूप से बिजली गुल कर दी जाती है।
काम हो रहे प्रभावित: विद्युत वितरण कंपनी ने प्री मानसून को लेकर मार्च, अप्रैल माह के पखवाड़े भर तक मेंटनेंस किया। अब बरसात लगने के बाद से हल्की बारिश या हवा चलने पर घंटों बिजली बाधित कर दी जा रही है। औंधी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रहने से कंप्यूटर, फोटो काॅपी दुकान, हालर, आटा चक्की, निजी कार्यालय व संस्थान में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
पहले कर चुके शिकायत: ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा औंधी क्षेत्र के दौरे पर थे जहां लोगों ने अघोषित बिजली कटोती को लेकर शिकायत की है। इसके बाद भी बिजली व्यवस्था नहीं सुधर पाई है।
