कौरिनभाठा के समीप स्थित दीनदयाल आवास कॉलोनी में रहने वाले 500 परिवारों की हालत खराब है। लोग सड़क, बिजली पानी और सफाई नहीं होने की समस्या से जूझ रहे हैं। रहवासियों ने हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा के राजनांदगांव आगमन के दौरान गत दिनों लिखित में शिकायत करते हुए कॉलोनी की हालत सुधारने की मांग की थी। गंभीर बात तो यह है कि हाउसिंग बोर्ड के अफसरों ने अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। बल्कि बारिश के बाद और ज्यादा बदहाली सामने आ रही है।
कालोनी वासियों ने बताया कि सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा, जगह-जगह गोबर पड़े हुए हैं। बिजली की भी समस्या बनी हुई है। कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि रात को बिजली जाती है तो फिर आने का समय का पता नहीं रहता। बताया कि नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है। घरों के सामने कीचड़ हो गया है। कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि अध्यक्ष तक शिकायत कर चुके हैं और अब कहां तक समस्या बताने दौड़ लगाएं। सोसाइटी अध्यक्ष विवेक साहू ने बताया कि एक सप्ताह में समस्या का समाधान होने का आश्वासन दिया गया था। एक माह बीतने के बाद भी सुधार नहीं हो पाया। यदि एक सप्ताह बाद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो फिर 2 अगस्त को हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर का घेराव किया जाएगाा।
