DJLQ¼IYF³Fûa ´FS OÀMd¶F³F ³FWeÔ S£F³FZ ´FS ªF¼¸FFʳFF IYS°FZ d³F¦F¸F Ad²FIYFSe
राजनांदगांव। डोंगरगांव क्षेत्र के गुंगेरी नवागांव क्षेत्र के पहाड़ी-जंगल से अवैध रूप से पत्थर की चोरी कर रही एक जेसीबी मशीन और तीन हाइवा वाहन को वन विभाग की टीम ने जब्त किया है। तीनों वाहनों को डोंगरगांव के वन डिपो में रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि वहां से चोरी का पत्थर सुखी ले जाया जा रहा था। करीब दो माह से यह खेंल चल रहा था। जांच में लाखों रुपये की खनिज चोरी का मामला फूट सकता है।
गुंगेरी नवागांव (मनेरी-साल्हे) क्षेत्र के जंगल से करीब दो माह से बगैर अनुमति के पत्थर का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। इस मामले की सूचना मिलने पर रविवार को डोंगरगांव के रेंजर रविशंकर अग्निहोत्री की टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई। उस दौरान एक ट्रक को जंगल से निकाले गए पत्थरों को लोडकर परिवहन करते पकड़ा गया, जबकि दूसरे ट्रकों में पत्थरों को लोड किया जा रहा था।
मौके पर पत्थर की खोदाई कर लोड करने में प्रयुक्त जेसीबी को भी जब्त किया गया है। जिन ट्रकों को पकड़ा गया है, उनमें सीजी 04 जेसी 8308, सीजी 08 एजे 7282 और सीजी 07 सीए 0980 नंबर के वाहन शामिल है। बताया गया है कि जब्त ट्रक डोंगरगांव के किसी दिशांत चोपड़ा और महावीर मिनरल्स कंपनी के है। तीनों ट्रकों को डोंगरगांव स्थित वन विभाग केे डिपो में रखवाया गया है, जबकि जेसीबी मशीन मौके पर ही खड़ी हुई थी।
गुंगेरी नवागांव के बीट क्रमांक 539 में गिरगांव बीट प्रभारी रिंकी वैष्णव ने गश्त के दौरान पहाड़ी-जंगल से पत्थरों का अवैध उत्खनन का मामला पकड़ा। पत्थरों को अर्जुनी के समीपस्थ ग्राम सुखरी सहित आसपास के क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए डंप व सप्लाई किया जा रहा था। पता चला है कि ग्राम सुखरी में रेत चोरी के लिए नदी पर रास्ता बनाया जा रहा है, जिसमें चोरी के पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। रेंजर रविशंकर अग्रिहोत्री ने बताया कि ग्राम गुंगेरी नवागांव में जंगल से पत्थरों की चोरी होने की खबर ग्रामीणों के माध्यम से बीट गार्ड द्वारा मिली थी, जिसके बाद रविवार को छापा मारा गया। मौके से तीन ट्रकों को पत्थर का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया है। सभी वाहनों को डोंगरगांव के वन डिपो में खड़ा किया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई राजनांदगांव वन मंडल द्वारा की जाएगी।
जंगल से पत्थरों और ग्राम साल्हे के पास एक खेत से लगातार की जा रही मुरूम की चोरी को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत डोंगरगांव के एसडीएम हितेश पिस्दा और तहसीलदार प्रीति लारोकर से भी की गई थी। कार्रवाई के नाम पर टालमटोल किया जाता रहा। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की शिकायत सोमवार को कलेक्टर से करने की बात कही है।
ग्राम मनेरी मार्ग पर साल्हे खार स्थित नहर नाली के बाजू से मुरूम चोरी का काम विगत दो माह से बेधड़क चल रहा है, लेकिन मजाल है कि खनिज और राजस्व विभाग का अमला उस ओर झांकने की हिम्मत जुटा सके। अखबारों में लगातार समाचार प्रकाशन के बावजूद आज तक मुरूम चोरी करने वाले पर कोई कार्रवाई नहीं किया जाना संदेहों को जन्म दे रहा है। बताया जाता है कि अखबारों में खबर छपने के बाद खनिज विभाग वाले मौके पर पहुंचे जरूर थे, लेकिन संबंधित व्यक्ति से एक होटल में बैठकर पूरे मामले को रफादफा कर दिया गया।
