जुलाई की शुरुआत के साथ ही कमजोर पड़ी बारिश अब कुछ राहत दे रही है। दो दिनों से जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है लेकिन आंकड़ों के लिहाज से बारिश अब भी जरूरत से काफी कम है। बीते 48 घंटे में जिले में औसत 19 मिमी ही बारिश हुई है, जबकि मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इधर किसानों को सप्ताहभर के झड़ी का इंतजार है। किसानों के मुताबिक झड़ी जैसी बारिश ही खेती के लिहाज से फायदेमंद साबित होगी।
जुलाई की शुरआत में बसरने के बाद बारिश फिर थम गई थी, तापमान में बढ़ोतरी और तेज धूप की स्थिति बन गई। इससे खेत सूखने लगे थे। बोनी और रोपा की गति भी धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब हो रही बारिश के बाद किसानों ने रोपा और बोनी का काम फिर शुरू कर दिया है। इधर मौसम विभाग ने बताया कि द्रोणिका के असर से शुक्रवार को जिले में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। तेज गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। जिले में पहले जून से अब तक 304 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। लेकिन इन दिनों की औसत बारिश 401 मिमी है। इस लिहाज से जिले में अब तक औसत से 25 फीसदी कम बारिश हुई है।
अगले दो दिन में हल्की व मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, रोहतक, अलीगढ़, चर्क, रांची, बालासोर, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब का क्षेत्र उसके बाद पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी. ऊंचाई तक स्थित है। वहीं एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में स्थित है, इसके असर से अगले दो दिन हल्की से मध्यम बारिश होगी। तापमान में परिवर्तन नहीं होगा।
