डोंगरगढ़। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे द्वारा विभिन्ना मुद्दों को लेकर सरकार का घेराव किया जाएगा। सरकार को घेरने रणनीति बनाई गई। जकांछ जे की जिला स्तरीय बैठक डोंगरगढ़ के एक निजी होटल में हुई। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में लोकसभा प्रभारी जयप्रकाश लोधी, जिला प्रभारी धीरज सिंह व कोर कमेटी के सदस्य नवीन अग्रवाल भी शामिल हुए।
बैठक में जिलाध्यक्ष विष्णु लोधी ने विषयों को प्रमुखता से रखा। बैठक में खेत चलो अभियान के अंतर्गत सदस्यता ग्रहण का सभी ब्लाकों में प्रभारियों कि नियुक्ति कर तिथि तय करना, स्वेच्छा अनुदान प्राप्त करने का लक्ष्य कम से कम 10 हजार पदाधिकारीयों एवं सदस्यों से, ब्लाकों में कार्यकारिणी का गठन एवं मंडल अध्यक्षों, जोगी केंद्राध्यक्षों, वार्ड अध्यक्ष, बूथ प्रभारी की नियुक्ति, आगामी माह प्रशिक्षण, सितंबर माह में सभी नौकरियों में स्थानीय लोगों को 100 फीसद आरक्षण लागू करने जिला कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया। माह जनवरी 2022 में सत्याग्रह आंदोलन, जिला कार्यालय घेराव, माह फरवरी 2022 में सरकारी शराब दुकानों का महिलाओं के द्वारा सत्याग्रह आंदोलन कर शराब दुकान में ताला लगाने का निर्णय लिया गया।
संगठन की मजबूती पहली प्राथमिकता
जिलाध्यक्ष विष्णु लोधी ने कहा कि जिले में संगठन की स्थिति को मजबूत करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। लोधी ने कहा कि आगामी वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव छत्तीसगढ़ में होना हैं ऐसे में मजबूत संगठन ही जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जीत को सुनिश्चित करेगी। उन्होंने एकजुटता की अपील की। लोकसभा प्रभारी जय प्रकाश लोधी ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं। लक्ष्य 2023 में लग जाए कार्यकर्ता। जिला प्रभारी धीरज सिंह ने एकजुट होकर संगठन पार्टी की गतिविधियों में सहयोग की अपील की। कोर कमेटी के सदस्य नवीन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसकर मैदान में उतरने की बात कही। बैठक जिला प्रवक्ता पीयूष दुबे, डोमन देशलहरे,अनुपमा गोस्वामी ने भी संबोधित किया।
बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं ब्लाक अध्यक्षों ने भी अपने अपने विचार रखे। साथ ही अन्य राजनीतिक पार्टी छोड़कर आए शेख जफर अली को जिला अध्यक्ष विष्णु लोधी व्दारा एक दिन पहले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई गई थी। जिसका स्वागत अतिथियों के द्वारा जोगी गमछा पहनाकर किया गया। शेख जफर अली ने कहा आप लोगों ने जो मुझे मान सम्मान दिया, यह सम्मान मैं हमेशा याद रखूंगा। कांग्रेस पार्टी एक भी काम घोषणा पत्र के अनुसार नहीं कर रही है इसलिए कांग्रेस पार्टी को दोबारा छत्तीसगढ़ में नहीं आने वाली है।
