जबरदस्ती शारीरिक संबंध स्थापित करने के दबाव से तंग आकर मरकामटोला की युवती ने आत्महत्या कर ली थी, मामले की जांच के बाद बसंतपुर पुलिस ने युवती को परेशान करने वाले दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला मई 2021 का है। मरकामटोला निवासी मंजू वर्मा ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। मंजू शहर के बसंतपुर में किराए के मकान पर रहती थी, वह एक आटोमोबाइल शो रुम में जॉब भी करती थी।
तब मंजू के परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव का ही चेतेश्वर वर्मा (23) और धनंजय रेवतकर (26) उसे जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाते थे। युवती ने भी इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी थी। इसी से तंग आकर मंजू ने आत्महत्या की। परिजनों ने मामले की शिकायत एसपी से भी की थी, जिसकी जांच के बाद बसंतपुर पुलिस ने आरोपी चेतेश्वर उर्फ मुन्ना और धनंजय के खिलाफ धारा 306, 34 के तहत आत्महत्या के लिए उसकाने का मामला दर्ज कर लिया है।
