मोहला। खाद की समस्या को लेकर मोहला ब्लाक के अन्नादाताओं का गुस्सा कम ही नहीं हो रहा है। सोमवार को मोहला ब्लाक के सोमाटोला सोसायटी पहुंचे 16 गांव के अन्नादाताओं ने खाद नहीं मिलने पर अंबागढ़ चौकी से दल्ली राजहरा मुख्य रोड को जाम कर दिया। किसान सड़क पर ही बैठ गए। आक्रोशित किसानों को प्रशासनिक अफसरों ने समझाइश तक दी, लेकिन अफसरों की समझाइश का किसानों पर कोई असर नहीं हुआ। किसान मानें ही नहीं। शाम करीब पांच बजे तक किसान सड़क पर ही डटे रहे। इसके बाद किसानों ने क्षेत्र के सभी 16 गांवों में मुनादी कराकर हर घर से एक व्यक्ति को मंगलवार से आंदोलन में शामिल होने कहा है। किसानों ने कहा कि जब तक सभी अन्नादाताओं को खाद नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दल्ली राजहरा से अंबागढ़ चौकी के मुख्य मार्ग को जाम कर सड़क में बैठे अन्नादाताओं को समझाइश देने एसडीएम ललितादित्य नीलम, जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी सहित मोहला थाना प्रभारी शिव चंद्रा व अंबागढ़ चौकी टीआइ आशीर्वाद रहटगांवकर मौके पर पहुंचे थे। अफसरों ने किसानों को समझाइश भी दी कि खाद की रैक आते ही वितरण हो जाएगा, लेकिन किसानों ने उनकी एक नहीं सुनी। किसान अपनी जिद पर अडे रहे कि खाद वितरण नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सोमाटोला सोसायटी पहुंचे सभी 16 गांव के किसानों ने खाद की कालाबाजारी करने का आरोप भी लगाया है। किसानों ने कहा कि सोसायटी में खाद की किल्लत है, लेकिन बाजार में आसानी से खाद मिल रहा है। किसानों ने कहा कि जब खाद की समस्या है तो फिर बाजार में कहां से खाद पहुंच रहा है। किसानों को बाहर मार्केट से खाद लेने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है। इसलिए अन्नादाताओं ने सोसायटी से खाद वितरण नहीं होने तक आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
