सोमनी। बिजली की अघोषित कटौती से गुस्साएं सोमनी क्षेत्र के ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत सब स्टेशन में सहायक अभियंता अनिल कुमार धनकर को ज्ञापन देकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक माह से सोमनी सहित आसपास के गांवों में बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है।
दिन के अलावा रात में भी बिजली की आंखमिचौली से ग्रामीणों परेशान हो गए हैं। बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से क्षेत्र के किसान तक सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इन सभी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है, जिसमें कटौती नहीं करने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग पर सहायक अभियंता अनिल धनकर ने समस्या को जल्द ही निराकरण करने का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने समस्या दूर
नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
रात में भी कटौती से आक्रोश : सोमनी के उपसरपंच पंकज तिवारी, पूर्व सरपंच संतोष यादव, टीएल चंद्राकर व कमल वैष्णव ने बताया कि बिजली कंपनी रात में कोई भी समय कटौती कर रही है। जिससे इतनी गर्मी में लोगों की नींद खराब हो रही है। घंटों बिजली गुल होने से लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है। इसको लेकर ही सोमनी सहित आसपास गांव के ग्रामीणों में आक्रोश है। ज्ञापन सौपनें के दौरान ब्लाक युवा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी सुखदेव साहू, योगेंद्र प्रताप सिंह, आनंद श्रीवास, विजय राजपूत, बलकार सिंह, चंद्रकांत श्रीवास, रमन राजपूत व गांव की महिलाएं मौजूद रही।
फोन ही नहीं उठाते कर्मचारी
जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख के नेतृत्व में विद्युत सब स्टेशन पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बंद होने के बाद कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। जिसके कारण लोगों को बिजली बंद होने की वजह पता नहीं चल पाती। फोन रिसीव नहीं करने के कारण उपभोक्ता अपनी शिकायत तक नहीं कर पाते हैं। ग्रामीणों ने कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग तक की है, ताकि किसी तरह की शिकायत व समस्या होने पर कर्मचारी उपभोक्ताओं को फोन उठाए। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर भी मनमानी करने का आरोप लगाया है।
