बिजली की आंख मिचौली व लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है। स्थिति ऐसी बनी हुई की पिछले तीन- चार दिनो से हर दस-पंद्रह मिनट में बिजली गुल हो रही है। लो वोल्टेज के चलते पंखे व कूलर चलना बंद हो गया है। उमस व गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सबसे अधिक समस्या पीने के पानी को लेकर आ रही है। लो वोल्टेज के कारण पंपों के नहीं चलने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
इधर बरसात के मौसम में बारिश नहीं होने से खेत सूखे पड़े हुए हैं और जमीन में दरारें पड़ गई है लेकिन पावर कट व वोल्टेज की समस्या के कारण किसान खेतों में पानी नहीं दे पा रहे हैं। इससे चारों तरफ हाहाकार की स्थिति बनी हुई है। बीते शुक्रवार से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हालात यह है की बीते तीन दिनो से दिन में पच्चीस से तीस बार बिजली गुल हो जा रही है।
न आंधी न तूफान इसके बाद भी बार-बार बिजली की आंख मिचौली व लो वोल्टेज की समस्या से लोगो के मन में अव्यवस्था के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विद्युत कपंनियों के स्थानीय अधिकारियों से बात करने पर उनका कहना है की बारिश नहीं हो रही है, इससे लोड बढ़ गया है और ओवरलोड होने के कारण बिजली बार-बार ट्रिप हो रही है। सप्लाई आगे से रूक रही है तो वे क्या कर सकते हैं। व्यापारियों का कहना है की पावर कट व लो वोल्टेज के कारण उनका व्यापार व्यवसाय प्रभावित हो गया है। आर्सेनिक प्रभावित दो
दर्जन गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित
ब्लॉक के आर्सेनिक प्रभावित दो दर्जन से अधिक ग्रामों में लो वोल्टेज के कारण तीन दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। बताया जाता है कि लो वोल्टेज के कारण फिल्टर प्लांट व इंटेक वेल में स्थापित पंपों ने ही काम करना बंद कर दिया है। इससे पेयजल आपूर्ति के लिए पानी ही सप्लाई ही नहीं हो पा रही है। इधर गांवों में तीन दिन से पीने का पानी नहीं मिलने से हाहाकार मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ब्लाक के भनसुला, आतरगांव, बिहरीकला, बिहरीखुर्द, कौडीकसा, अरजकुंण्ड, भगवानटोला, कोटरा, मुल्हेटीटोला, पांगरी, हाथीकन्हार, केकतीटोला, सांगली, सोनसायटोला, कौडूटोला, मांगाटोला, तेलीटोला, बांधाबाजार, ढाढुटोला, जोरतराई, थैलीटोला, जादूटोला आदि ग्रामों में बीते तीन दिन से लोगों को नलों से पानी ही नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों को मजबूरी में फिर कुंए व हैंडपंप से आर्सेनिकयुक्त पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने घेरा कौड़ीकसा का सब स्टेशन
बिहरीकला, मेटेपार कौड़ीकसा के ग्रामीणों ने रविवार की रात्रि कौड़ीकसा सब स्टेशन का घेराव किया और आपूर्ति बहाल करने के लिए जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़े की अप्रिय स्थिति को टालने के लिए विद्युत विभाग को पुलिस को बुलाना पड़ गया।
पुलिस की मौजूदगी में किसी तरह ग्रामीणों को देर रात शांत कराया गया। कौड़ीकसा स्टेशन के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिहरीकला के निवासी इंजीनियर पन्नालाल मेश्राम, गौलीटोला मेटेपार के सरपंच नोहर धनंजय एवं कुदुरघोडा के चन्द्रपकाश दखने ने बताया की पूरे दिन 35 से 40 बार बिजली गुल हो रही है।
बिजली कंपनी के खिलाफ बढ़ रही है नाराजगी
ब्लाक में एक दो स्थानों पर ही नहीं बिजली की आंख मिचौली, व लो वोल्टेज की समस्या चारो तरफ बनी हुई है। ब्लाक के सभी सेक्टर आमाटोला, चिल्हाटी, बांधाबाजार, कौड़ीकसा में पिछले तीन दिनो से यही समस्या बनी हुई है। हर तरफ पूरे दिन लोग केवल और केवल बिजली का रोना रो रहे है। आमाटोला के जसवंत साहू, संतोष भारद्वाज, गोपाल पाल, धर्मेन्द्र कोरे, नूतन पाल, राजू नशीने, दयाशंकर गुप्ता ने बताया की दिनभर में 25-30 बार बिजली गुल हो रही है।
