मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम कक्ष में शव लपटने के लिए प्लास्टिक थैली, बिसरा रखने के लिए डिब्बा तक नहीं था। कर्मचारी मृतकों के परिजनों से यह सामान मंगाते थे। पैसों की मांग होने की शिकायतें सामने आ रही थी। दैनिक भास्कर ने पैसों की मांग किए जाने और जरूरी सामानों की कमी को लेकर खबर प्रकाशित की तब जाकर हॉस्पिटल प्रबंधन हरकत में आया और तत्काल 35 किलो प्लास्टिक थैली और 50 नग प्लास्टिक डिब्बे की सप्लाई की।
हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से लंबे समय से जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इस वजह से यहां के कर्मचारी मृतकों के परिजनों को प्लास्टिक थैली, रस्सी सहित अन्य सामग्री मंगा रहे थे।
पहले ही लिस्ट भेजी थी
कर्मचारियों का कहना था कि सामानों की सप्लाई नहीं होने से मजबूरी में परिजनों से सामान मंगवानी पड़ रही है। भास्कर ने पड़ताल की तो पता चला कि पीएम कक्ष के प्रभारी की ओर से सामानों की लिस्ट बनाकर अधीक्षक से मांग रखी है पर सामानों की सप्लाई नहीं हो रही है। सहायक अधीक्षक डॉ. सीएस मोहबे ने बताया कि पीएम कक्ष में जरूरी सामग्री उपलब्ध करा दी गई है।
