दुर्ग जिले के नेवई गोलीकांड के आरोपियों का सोशल मीडिया हैंडल करने वाले एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें से नाबालिग फरार आरोपी मुकुल सोना व मुकेश पंचर के सोशल मीडिया अकाउंट को आपरेट करता था। इसके अलावा इन्हीं आरोपियों ने मुकुल सोना और मुकेश को फरार होने के समय शरण भी दी थी। पुलिस ने सभी को भिलाई के अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है।
बताया गया है यह सभी मुकुल के सोशल मीडिया अकाउंट को हैंडल करते थे। इन चारों आरोपी में से मुख्य मास्टर माइंड 17 साल का नाबालिग लड़का है, जो सोशल मीडिया को बड़े ही सिस्टम से ऑपरेट किया करता था। एडिशनल एसपी संजय ध्रुव ने बताया कि प्रखर चंद्राकर (21) को रुआबाधा सेक्टर से गिरफ्तार किया गया है, और पुलकित चंद्राकर (22), संजय जोशी(30) को मरोदा और पोटिया से गिरफ्तार किया गया है। यह सभी गोलीकांड के आरोपियों को साथ देने व उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैंडल किया करते थे। साथ ही आरोपियों को शरण भी दी थी। यह सभी मुकुल सोना के लिए गैंग की तौर पर काम किया करते थे। इनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया गया है।
इस तरह से कर रहे थे आपरेट
आरोपियों ने मुकुल सोना के लिए सोशल मीडिया में 2 से 3 स्टोरी अपलोड की थी। जिसमें मुकुल की फोटो लगी हुई थी। फोटो पहाड़ी नुमा किसी जगह की लग रही है। फोटो में गाना भी इन्बिल्ट किया है। यह पंजाबी गाना है। इस फोटो में 302 भी लिखा हुआ है। अब 302 क्यों लिखा गया है, फिलहाल यह नहीं पता चल सका है।

इंस्ट्राग्राम पर मुकुल सोना ने इस तरह से पोस्ट करवाई फोटो।
मुकुल और मुकेश कौन हैं?
हिस्ट्रीशीटर पिंकी राय पर मुकुल सोना ने अपने साथी मुकेश पंचर और नगेंद्र के साथ मिलकर 5 जुलाई को हवाई फायर किया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके से 3 राउंड भी जब्त किया। इसके दो दिन बाद मुकुल ने दूसरी बार भी हवाई फायर किया। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
मुकुल सोना के कहने पर उसके सहयोगियों ने कुछ इस तरह से सोशल मीडिया पर लिखकर पोस्ट किया ।
मुकेश भी फेसबुक पर एक्टिव रहने का शौकीन
गोलीकांड के दूसरे फरार आरोपी मुकेश सिंह ने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट फेसबुक पर दो दिन पहले ही डलवाया था। यह पोस्ट फेसबुक पर मुकेश ने अपनी आईडी से डालवाया । इसमें उसने बहुत कुछ लिखा, पिंकी राय से लेकर उस रात को क्या हुआ था, सब कुछ मुकेश ने अपने फेसबुक के माध्यम से बताया है।

गोलीकांड के फरार आरोपी मुकेश पंचर की फेसबुक आईडी से पोस्ट किया गया ।
फरार मुख्य आरोपी मुकुल सोना लगातार इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी लिखवा रहा था। जिसमें बहुत सारी बातें वो लिखता, फिलहाल अभी दोनों आरोपी फरार है। इस मामले में तीसरा आरोपी नागेंद्र भी अंडरग्राउंड है। पुलिस तीनों आरोपी का पता लगा रही है। मामले को लेकर एएसपी शहर संजय ध्रुव बताते हैं कि, फेसबुक पर मुकेश पंचर और इंस्टाग्राम पर मुकुल सोना के द्वारा लिखवाए जा रहे पोस्ट के बारे में जानकारी मिलने के बाद से पुलिस अलर्ट थी। जिसके बाद फरार सभी आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट को संचालित करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया, अब गोलीकांड के फरार आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।
जेल में है हिस्ट्रीशीटर व उसका भाई
गोलीकांड मामले में प्रार्थी रहे हिस्ट्रीशीटर पिंकी राय और उसके भाई शशिकांत राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल भेजने से पहले नेवई पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में धारा 151 के तहत रिमांड में दुर्ग केंद्रीय जेल में बंद है।
