पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) में ट्रेनिंग लेने आए 35 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कंटेनमेंट जोन में सैंपलिंग की। यहां पीटीएस में 117 सैंपल लिए गए। इनमें से दो स्टॉफ और एक कर्मचारी का 11 साल का बालक संक्रमित पाया गया।
तीनों को कोविड सेंटर भेज दिया गया। वहीं पीटीएस के सामने स्थित बर्फानी आश्रम के आसपास पान ठेला चलाने वाले और सब्जी, फल सहित अन्य सामान बेचने वालों की भी सैंपल ली गई। बाहर में 62 सैंपलिंग हुई पर एक भी संक्रमित नहीं पाए गए।
सुकमा, दंतेवाड़ा, कवर्धा, जगदलपुर सहित अन्य जिलों से पहुंचे जवानों में सर्दी, खांसी सहित बुखार के लक्षण होने पर पीटीएस एसपी ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर सैंपलिंग करवाई। एक ही दिन में रिकॉर्ड 626 सैंपल लेकर जांच की गई तो कुल 35 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। एक ही जगह पर बड़ी संख्या में संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग शुरू की गई। दूसरे दिन शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन में सैंपलिंग ली गई।
सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि कंटोनमेंट जोन में कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग की गई। आसपास के क्षेत्र में भी सैंपल लेकर जांच कराई गई पर रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। पीटीएस में दो स्टॉफ और एक कर्मचारी के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों को कोविड सेंटर भेजा गया है।
यहां जवानों का आना-जाना
इसके बाद उस एरिया में भी सैंपल ली गई, जहां पर प्रशिक्षु जवानों का अक्सर आना जाना होता है। विशेषकर रविवार के दिन जवान प्रशिक्षण केन्द्र से बाहर निकलकर खरीदारी करने जाते हैं। पीटीएस के सामने स्थित किराना दुकान, फल, सब्जी और पान ठेले में जवानों का आना-जाना लगा रहता है। इसलिए मेडिकल टीम ने दुकानदारों के साथ ही आसपास के घरों में दस्तक देकर एंटीजन सैंपल लेकर जांच की। हालांकि बाहर में किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
पीटीएस में जिन जवानों में सर्दी,खांसी और बुखार की शिकायत थी पर एंटीजन जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इन जवानों का आरटी-पीसीआर सैंपल भी लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को आरटी-पीसीआर सैंपल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। लोगों को सावधान रहना होगा।
