भिलाई में गैंगवार में निशाने पर आए हिस्ट्रीशीटर बृजेश राय उर्फ पिंकी राय और शशिकांत राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भाइयों को पुलिस ने शांति भंग में कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस उन्हें जिला बदल करने की तैयारी कर रही है। खास बात यह है कि बृजेश राय खुद नेवई इलाके में हुए गोलीकांड में प्रार्थी है। उसके ऊपर ही फायरिंग की गई थी। पुलिस का कहना है कि उसे आशंका है इनके बाहर रहने से शहर की स्थिति बिगड़ सकती है।
करीब 9 दिन पहले बृजेश राय पर हुई फायरिंग के बाद ही जिले की कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई थी। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का इलाका होने के कारण तमाम सवाल खड़े हो गए। इसी बीच एक सप्ताह के दौरान दोबारा फायरिंग और फिर लूट की साजिश रच रहे बदमाशों के गिरफ्तार होना पुलिस की साख पर सवाल हो गया। पकड़े गए बदमाश भी उसी फायरिंग गैंग का हिस्सा निकले। हालांकि मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस बोली- वारदात के बाद स्थिति संवेदनशील
ASP संजय ध्रुव ने बताया कि इस गोलीकांड के प्रार्थी पिंकी राय के ऊपर हत्या का प्रयास और बलवा के साथ मारपीट जैसे 27 अपराध दर्ज है। वहीं शशि कांत राय पर भी बलवा,लूट, हत्या का प्रयास जैसे 18 अपराध अलग-अलग थानों में दर्ज है। वारदात के बाद जिस तरह से स्थितियां संवेदनशील हो रही थी, इसे ही ध्यान में रखते हुए दोनों ही आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधित धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
कार पर हुई थी फायरिंग, फुटेज में दिखा था मुकुल सोना
मामला नेवई थाने के हिस्ट्रीशीटर बृजेश राय पर 5 जुलाई की रात हुई फायरिंग से शुरू हुआ। रिसाली के मरौंदा टैंक के पास रात करीब 12 बजे 3 लोगों ने बृजेश राय की कार पर फायरिंग की। गोलियां कार पर लगी और बृजेश बच गया। पुलिस ने इसे पहले कार का विवाद बताया, लेकिन CCTV फुटेज में मुकुल सोना के दिखने के बाद जांच का रुख बदल गया। पुलिस इससे पहले की आरोपियों तक पहुंच पाती, 10 जुलाई की रात नेवई भाठा में फिर गोलियां चल गईं।
गोलीकांड का फरार आरोपी फेसबुक पर लिख रहा
गोलीकांड के फरार आरोपी मुकेश सिंह ने बुधवार को एक लंबा-चौड़ा पोस्ट फेसबुक पर डाला था। जिसमें करीब 400 शब्दों में अपनी बातें रखी थी। इसमें उसने बहुत कुछ लिखा। पिंकी राय से लेकर उस रात को क्या हुआ था, यह सब मुकेश ने अपने फेसबुक में लिखा। अंग्रेजी में लिखकर मुकेश पुलिस से मांग भी कर रहा है कि इस मामले में कार्रवाई दोनों यानी कि दोनों पक्षों पर होनी चाहिए।
फरार आरोपी, इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय
गोलीकांड में फरार मुख्य आरोपी मुकुल सोना ने भी 13 जुलाई को इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की था। जिसमें बहुत सारी बातें लिखी थी। अभी दोनों आरोपी फरार है। इस मामले में तीसरा आरोपी नागेंदर भी अंडरग्राउंड है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी को हमारे टीमें ढूंढ रही है। हमें सब कुछ पता है कि, फेसबुक पर मुकेश सिंह के द्वारा क्या लिखा गया है, लिखे पोस्ट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सारे बिंदुओं पर जांच जारी है।
