नेवई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पिंकी राय और उसके भाई शशिकांत के खिलाफ गुरुवार को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करके जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ शहर के कई थानों में गंभीर अपराध दर्ज है। हिस्ट्रीशीटर पर मुकुल सोना ने अपने साथी मुकेश पंचर और नगेंद्र सिंह के साथ मिलकर 5 जुलाई को हवाई फायर किया था।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से 3 राउंड भी जब्त किया। इसके दो दिन बाद मुकुल ने दूसरी बार भी हवाई फायर किया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी मुकुल पिछले तीन दिनों से वाइफाइ नेटवर्क के जरिए सोशल मीडिया पर एक्टिव है। वह लगातार अपनी फोटो और मैसेज पोस्ट कर रहा है।
पुलिस ने जिले के 264 बदमाशों की सूची तैयार की है। जिनके खिलाफ आने वाले दिनों मेंं कार्रवाई होगी। एसपी प्रशांत अग्रवाल के मुताबिक दोनों भाईयों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों के साथ शहर के कई अपराधियों का भी रिकार्ड बनाया गया है। सभी पर जल्दी ही कार्रवाई होगी। इस मामले में दोनों आरोपियों को जिला बदल किया जा रहा है।
अवैध कब्जे, मारपीट, लूट व अन्य से जुड़ा है मामला
रिसाली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध कब्जे, मारपीट, लूट, धमकी व अन्य से जुड़े मामले बढ़े हैं। इसके अलावा जिले के अन्य हिस्सों में लूट, डकैती, उठाईगिरी, चोरी के प्रकरण सामने आए हैं। 15 दिनों के अंदर दो बार हवाई फायर हुए।
स्टेशन मरोदा क्षेत्र में जमकर मारपीट की घटना हुई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। निगरानीशुदा बदमाशों की धरपकड़ शुरू की गई। करीब 264 निगरानीशुदा बदमाशों को सूचीबद्ध किया गया है। उन्हें अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार भी किया गया।
