शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सार्वजनिक जगहों पर गंदगी पसर रही है। इसकी शिकायत भी लगातार सामने आ रही है। जिसे देखते हुए नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने गुरुवार को स्वास्थ विभाग के अफसरों की बैठक ली।
आयुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि वर्तमान में हो रही सफाई संतोषजनक नहीं हैं। इसमें सुधार करने की जरूरत है। ऐसे में हर हिस्से में सफाई पूरी गंभीरता से हो। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने लंबे समय से कार्य से अनुपस्थित कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई दरोगा व वार्ड चपरासी अपने अपने प्रभार वाले वार्ड में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 1 बजे तक सफाई कराए व सुबह 6 बजे वार्ड चपरासी उपस्थित होकर सफाई कर्मचारियों की हाजरी लेवे।
गलियों, सड़कों, नाली-नालों की नियमित सफाई करवाकर कचरा उठवाने के साथ साथ दवाई आदि का छिड़काव करना सुनिश्चित करे। सफाई कार्य में लापरवाही बरतने व अनुपस्थित रहने पर संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।
