जिले में 50 फीसदी लोगों को वैक्सीन की पहली या दोनों डोज दी जा चुकी है। लेकिन इसके बाद अचानक ही रफ्तार धीमी पड़ गई। इसकी वजह वैक्सीन की कमी है। लोग वैक्सीनेशन सेंटर्स से निराश लौट रहे हैं। गुरुवार तक कोविशील्ड की गिनती की डोज ही लोगों को लगती रही। अभी कोवैक्सीन का स्टॉक पूरी तरह खाली है।
इधर स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन के भीतर वैक्सीन की खेप आने की उम्मीद जताई है। लेकिन इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। ऐसे में आने वाले दिनों में वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। वैक्सीन लगवाने के लिए लोग पूरी उत्साह के साथ सेंटर्स में पहुंच रहे थे, लेकिन किल्लत को लेकर जो स्थिति बनी है, उसने लोगों के उत्साह को कम कर दिया है।
गुरुवार के शहर के 8 केंद्र के अलावा ग्रामीण इलाकों के सीएचसी और पीएचसी में वैक्सीनेशन हुआ। दोपहर बाद यहां भी सन्नाटा पसर गया। सभी केंद्रों को कम संख्या में ही वैक्सीन उपलब्ध कराई गई थी। बहुत से लोगों को अगली तारीख के लिए लौटना पड़ गया।
कोवैक्सीन की दूसरी डोज के लिए लोग भटक रहे
वैक्सीनेशन को लेकर सबसे अधिक समस्या कोवैक्सीन की दूसरी डोज के लिए हो रही है। बड़ी संख्या में जिले के लोगों को कोवैक्सीन लगाई गई है, अब 28 दिन पूरा होते ही लोग दूसरी डोज के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन कोवैक्सीन का स्टॉक जिले में उपलब्ध ही नहीं हैं। इसके चलते दूसरी डोज के लिए पहुंचने वालों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। ऐसे लोगों को तीन से चार दिन बाद केंद्र पहुंचकर जानकारी ले लेने की बात कही जा रही है। इसकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।
मानपुर-मोहला में रफ्तार पर ब्रेक, केंद्रों से लौट रहे
वैक्सीनेशन के लिए सबसे अधिक मशक्कत मानपुर और मोहला इलाके में करनी पड़ी है। यहां के दूरस्थ गांव के लोग काफी समझाइश के बाद वैक्सीनेशन के लिए तैयार हुए थे। कुछ दिन पहले ही इन दोनों ब्लाकों में वैक्सीनेशन ने रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन एक बार फिर वैक्सीन की कमी से व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बमुश्किल केंद्रों तक पहुंचने वाले लोगों को वैक्सीन नहीं होने के चलते लौटना पड़ रहा है। इसके चलते अफसर भी परेशान हैं। जल्ट टीका मिलने की उम्मीद है।
4 हजार से भी कम डोज हैं आज कुछ केंद्रों में लगेगी
जिले में कोविशील्ड की 4 हजार से भी कम डोज बची है। जो भी शुक्रवार को पूरी तरह खत्म हो जाएगी। गुरुवार सुबह 10 हजार डोज के साथ वैक्सीनेशन की शुरुआत जिलेभर में हुई थी। देर शाम तक 6 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी।
शेष बची वैक्सीन शुक्रवार को कुछ सेंटर्स में लगाई जाएगी। शनिवार से वैक्सीनेशन पूरी तरह बंद हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि रविवार शाम तक वैक्सीन की नई खेप आ सकती है ।
