राजनंदगांव । शहर के बजरंगपुर नवागांव क्षेत्र के निवासियों को पट्टे के नाम पर लंबे समय से घुमाया जा रहा है। प्रशासन से गुहार लगाकर लोग थक चुके हैं। परेशान लोग रैली के रूप में मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। मुख्य द्वार पर रोके जाने से नाराज होकर वहीं धरने पर बैठ गए। बाद में ज्ञापन देकर लौट गए। इस दौरान नारे लगाकर नजूल अधिकारी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई।
शहर के नवागांव क्षेत्र निवासियों को अब तक शासन की योजना के तहत नजूल पट्टे का वितरण नहीं किया गया है ,जबकि नियमानुसार इस क्षेत्र के लोगों ने निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया है, इसके बावजूद उन्हें पट्टे के लिए अधिकारियों द्वारा घुमाया जा रहा है। बीते लगभग 15 दिनों पूर्व भी इसी मामले को लेकर चक्काजाम करने पहुंचे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कार्यकर्ताओं को रोका गया था और लगभग 10 दिन के भीतर पट्टा वितरण किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पट्टे का वितरण नहीं होता देख वार्डवासियों के साथ रैली निकाली और नजूल कार्यालय का घेराव करने पहुंचे । इस दौरान पुलिस ने उन्हें कलेक्ट्रेट गेट के बाहर ही रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट गेट के सामने बैठकर नजूल अधिकारी के खिलाफ नारे लगाए।
नजूल विभाग में अटका पड़ा है
वार्डवासी शकुंतला ने बताया कि पट्टा वितरण को लेकर तारीख पर तारीख देने से वार्ड के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब उन्होंने आंदोलन की राह भी अपना ली है। नजूल विभाग द्वारा समय पर काम नहीं किया जाना, यह कोई नया मामला नहीं है। सैकड़ों मामले अभी भी नजूल विभाग में पेंडिंग पड़े हैं। जिस पर समय रहते अधिकारी कर्मचारी कार्रवाई नहीं करते हैं, जिससे आम लोगों को दिक्कतें होती है। लोक सेवा गारंटी कानून होने के बाद भी समय पर काम नहीं होने की वजह से लोगों को आंदोलन की राह अपनाने मजबूर होना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का कहना है कि नजूल विभाग में पट्टा वितरण को लेकर सारी प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। केवल अधिकारी के हस्ताक्षर होना बाकी है कह कर उन्हें सात महीनों से घुमाया जा रहा है ।और तारीख पर तारीख दी जा रही है। वहीं जनता कांग्रेस के शहर अध्यक्ष समसुल आलम ने कहा कि पट्टे के लिए नियम अनुसार चालान पटा दिया गया है। इसके बाद भी सात माह से घुमाया जा रहा है और पट्टा वितरण नहीं किया गया है।
