कोरकोट्टी में 12 जुलाई 2009 को नक्सली हिंसा में शहीद हुए पुलिस कप्तान विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर शहीद जवानों को सोमवार को उनके शहादत दिवस की 12 वीं बरसी के अवसर पर नमन करते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया। शहीद जवानों को अंबागढ़ चौकी थाना परिसर में श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
इस अवसर पर थाने में पदस्थ अधिकारी कर्मचारियों के अलावा नागरिकों ने आरक्षी केन्द्र पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। जिले के वनांचल मानपुर के कोरकोट्टी में 12 वर्ष पूर्व में नक्सली हिंसा में शहीद हुए वीर जवानों को स्मरण किया गया। अंबागढ़ चौकी थाना परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस के अलावा स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। टीआई आशीर्वाद रहटगांवकर ने कार्यक्रम में वीर शहीद जवानों की शहादत की जानकारी देते हुए अपने स्टॉफ के जवानों को शहीदों के बताए मार्गो पर चलने का सकंल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि वे व्यक्ति व जवान भाग्यशाली होते हैं जिनको देश के आन बान व शान के लिए मर मिटने का मौका मिलता है। श्रद्धाजंलि सभा में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, पार्षद मनीष बंसोड, मुकेश सिन्हा, शंकर निषाद, मोहसीन खान, विनोद डेहरिया, योगेन्द्र मिश्रा, रवि हेनरी, रविंदर कौर अरोरा जगजीत अरोरा एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह से शाम तक नागरिकों व जनप्रतिनिधियों का तांता लगा रहा।
