दो पत्नी के चलते परिवार में चल रहे कलह से तंग आकर एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद गुमशुदगी की शिकायत करने खुद थाने भी पहुंच गया। जब परिजनों को शंका हुई तो मौका देख वह फरार भी हो गया। पुलिस ने आरोपी को गुंडरदेही से गिरफ्तार किया है।
घटना शनिवार दोपहर 2 बजे के बाद की है। जिसकी जानकारी परिजनों को रात करीब 11 बजे मिली। बसंतपुर में रहने वाले सब्जी विक्रेता मुकेश सोनकर (41 वर्ष) ने पहली शादी जमातपारा की अनिता यादव (34) से की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। इसके बाद मुकेश ने दूसरी शादी भी कर ली। अनिता अपने मां बाप के घर जमातपारा में रहती थी, जबकि मुकेश की दूसरी पत्नी उसके साथ बसंतपुर के मकान में रहती थी।
शनिवार को मुकेश की दूसरी पत्नी अपने मायके गुंडरदेही गई थी, जिसके चलते मुकेश, अनिता को अपने घर लेकर आया। जहां दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इसी दौरान मुकेश ने रॉड से हमला कर व तकिए से मुंह दबाकर अनिता की हत्या कर दी। वह घर में ताला लगाकर घूमने निकल गया। अनिता की हत्या के बाद मुकेश गुंडरदेही भाग गया। बसंतपुर पुलिस ने कॉल लोकेशन के आधार पर मुकेश को गुंडरदेही से गिरफ्तार कर लिया।
घर नहीं लौटी तो बच्चों ने परिजनों को दी जानकारी
अनिता जब देर रात तक घर नहीं पहुंची तो उसके बच्चों ने परिवार के दूसरे सदस्यों को इसकी जानकारी दी। बच्चों ने बताया कि उनके पिता मुकेश मां को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद परिजन ढूंढते हुए मुकेश के पास पहुंचे। तब मुकेश ने अनिता को काफी देर पहले घर छोड़ देने की बात कही फिर फरार हो गया।
घर का ताला तोड़ दाखिल हुए परिजन, मिली लाश
अनिता के परिजनों को आशंका थी कि वह मुकेश के घर में ही है। रात में करीब 10 बजे परिजन बसंतपुर पुलिस की टीम के साथ मुकेश के घर पहुंचे। ताला तोड़कर युवक घर के भीतर दाखिल हुए। तब उन्हें हत्या की जानकारी हुई। अनिता की लाश सोफे पर पड़ी हुई थी, सिर पर रॉड से हमला किया गया था।
