– सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन होगा सुगम
मोहला। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों का वर्चुअल भूमि पूजन 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अध्यक्षता करेंगे।
जिला मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे वन धन केन्द्र, गोटाटोला रोड, मोहला में किया जाएगा। योजना के अंतर्गत जिले में कुल 3 सड़कों के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 9.90 किलोमीटर तथा कुल स्वीकृत राशि 1151.66 लाख रुपये है।
– स्वीकृत कार्य इस प्रकार—
मोहला विकासखंड में घावडेटोला से झरन तक 3.80 किमी सड़क के लिए 453.53 लाख रुपए तथा वासडी रोड से गोटाटोला तक 3.00 किमी सड़क के लिए 312.28 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार मानपुर विकासखंड में टाटेकसा से पिटेमेटा तक 3.10 किमी सड़क निर्माण हेतु 385.85 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
