दुर्ग पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी को 28 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी पाटन क्षेत्र में नाम बदलकर जूते की दुकान संचालित कर रहा था। करीब 25 साल पहले वह भाग निकला था। इस बीच सिटी कोतवाली थाने के 20 थानेदार बदल गए, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। अब पुलिस को उसकी जानकारी मिली तो ग्राहक बनकर दुकान में पहुंच गई। बातों-बातों में राज खुला और आरोपी हत्थे चढ़ गया।
दरअसल, पुलिस पुराने अपराध के मामलों के रिकॉर्ड खंगाल रही थी। इस दौरान पता चला कि शिक्षक नगर निवासी दुर्गा प्रसाद उर्फ जुगरू देवांगन लंबे समय से फरार है। उसके खिलाफ 28 साल पहले 1993 में 30 की उम्र में एक युवती ने घर में घुस कर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से वह गायब हो गया और फरारी काट रहा है। कोर्ट से भी कई बार उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी निकाला, लेकिन पुलिस उसकी तलाश नहीं कर सकी थी।
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची पुलिस, जूता खरीदा और पकड़ लाई
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी के हुलिए का एक व्यक्ति पाटन में जूते ही दुकान संचालित करता है। इस पर सादे कपड़ों में पुलिस की एक टीम उसकी दुकान पर पहुंच गई। वहां से एक जोड़ी जूता भी खरीदा। पुलिसकर्मियों ने कहा कि शिक्षक नगर में एक परिचित की तलाश कर रहे हैं। बातों-बातों में दुर्गा प्रसाद ने बता दिया कि वह करीब 25 साल पहले वहां से पाटन आ गया और दुकान खोल ली। सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश वागडे ने बताया कि पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
