डीजीपी डीएम अवस्थी की चेतावनी के बाद जिलेभर में शराब कोचियों और सटोरियों पर कार्रवाई तेज हो गई। बीते 48 घंटे में 18 से अधिक शराब कोचियों और सटोरियों पर कार्रवाई सामने आई है। हर थाना क्षेत्र में धरपकड़ तेज है। इधर शहरी इलाकों में चिन्हित इलाकों के कोचियों ने पहले ही धंधा बंद कर दिया है।
हालांकि जिला मुख्यालय व आसपास के ब्लॉकों में ही कार्रवाई की जा रही है। जबकि अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर क्षेत्र में अब तक इस मामले में पुलिस अफसरों ने गंभीरता नहीं दिखाई है। यहां बेखौफ जुआ-सट्टा को अंजाम दिया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो राजनीतिक संरक्षक के चलते इन पर कार्रवाई के लिए पुलिस भी बच रही है।
डीजीपी अवस्थी ने शराब कोचियों और सटोरियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सट्टा, शराब की शिकायत सामने आने पर संबंधित थाना क्षेत्र के अफसरों पर ही कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद से जिलेभर में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। बीते दो दिनों से शहर सहित डोंगरगढ़ इलाके में कोचियों व सटोरियों पर कार्रवाई की गई।
लगभग हर थाना क्षेत्र में अचानक ही धरपकड़ तेज कर दी गई है। इधर पुलिस की कार्रवाई से पहले ही कई कोचियों ने भी शहर में शराब बेचना बंद कर दिया है। इससे आशंका है कि उन्हें पहले ही कार्रवाई की जानकारी मिल गई है। इसके चलते कुछ चिन्हित शराब कोचियों और सटोरियों के काउंटर इन दिनों बंद हैं। अफसरों ने कहा है कि आगे भी कार्रवाई तेजी से जारी रहेगी।
