कैफ इंडिया, हर्बल लाईफ व समर्थन संस्था की संयुक्त पहल
राजनांदगांव। कोरोना महामारी के दौर में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को संक्रमण से बचाव एवं मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समर्थन संस्था राजनांदगांव के मार्गदर्शन में कैफ इंडिया एवं हर्बल लाईफ के सहयोग से जिला हास्पिटल राजनांदगांव को मेडिकल सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इस वैश्विक आपदा में स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं की सुरक्षा तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से कोविड संसाधनो की आवश्यकता की जानकारी मांगी गई थी।

जिला अस्पताल से प्राप्त सूची के आधार पर पल्स आक्सीमीटर 800 नग, आक्सीजन फ्लो मीटर 50 नग, पी. पी. ई. कीट 1200 नग, हैडसेनिटाईजर 375 लीटर व एन 95 मास्क 1800 नग उपलब्ध कराया गया। उक्त सामग्री की लागत 11 लाख 93 हजार 748 रु. है। उक्त सामग्री को गत दिवस समर्थन संस्था राजनांदगांव के कार्यक्रम समन्वयक राजेश साहू व मुकेश वर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मिथलेश चौधरी को हैंडओवर किया गया। मेडिकल सामग्री का उपयोग जिले के आवश्यकता वाले जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल हास्पिटल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व उप स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रकार के पहल एवं सहयोग पर डाॅ. मिथलेश चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे निश्चित ही स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होने समर्थन संस्था, कैफ इंडिया व हर्बल लाईफ को धन्यवाद ज्ञापित किया है। सामग्री के हैण्डओवर के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ.बी.एल. तुलावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन.एच.एम. गिरीश कुर्रे, जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान भारत ऐश्वर्य साव एवं जिला डाटा प्रबंधक अखिलेश चोपड़ा उपस्थित थे।
