छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक इकाई अंबागढ़ चौकी द्वारा खंड स्तरीय समस्या को लेकर सोमवार को एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर बीईओ कार्यालय का घेराव किया। जिसके बाद कलेक्टर के नाम से तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया कि पूर्व बीईओ अर्जुन राम देवांगन को जांच प्रतिवेदन में दोषी पाए जाने के उपरांत कलेक्टर द्वारा कार्यालय व्यवस्था के तहत हाईस्कूल गोपलीनचुवा भेजा गया है, जिसके बाद देवांगन के द्वारा कार्यभार ग्रहण नहीं करने के बाद भी विभाग द्वारा वेतन प्रदान किया जा रहा है, जिसका फेडरेशन ने विरोध जताया है।
दोषी पाए जाने पर भी आज पर्यंत तक विभाग द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। पदाधिकारियों ने बताया कि 24 फरवरी को संजय कुमार जौहरी द्वारा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद 26 फरवरी को अर्जुन राम देवांगन को हाईस्कूल गोपलीनचुवा के लिए कार्यमुक्त किया गया। इसके बाद आज तक पूर्व बीईओ देवांगन द्वारा हाईस्कूल गोपलीनचुवा में कार्यभार नहीं किया गया है, फिर भी उनका वेतन शिक्षा विभाग द्वारा निकाला जा रहा है।
जांच उपरांत दोषी पाए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं करने और बिना काम के वेतन दिए जाने को लेकर फेडरेशन ने विरोध किया है। इसी मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी के रवैए का विरोध करते हुए सोमवार को एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर बीईओ कार्यालय अंबागढ़ चौकी का घेराव व प्रदर्शन किया गया। मामले में दोषी पाए गए अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए आदेशित करने की मांग की। ब्लॉक स्तरीय धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मनीष मिश्रा, विकास मानिकपुरी, राजकुमार यादव, प्रेमलता शर्मा, भजन साहू, द्वारिका साहू, देव कुमार यादव, सचिव राजेश्वर साहू, नेहा खंडेलवाल, शेख शफीक कुरैशी, तामेश्वर साहू, लीलाधर देवांगन, शेष साईं साहू, तुलसी अंबादे, पवन रामटेके, अरुण यादव, द्रौपदी चनाब, प्रेम दास साहू, डुप्ले कौशिक, रामकुमार छेदैया, जागेश्वर उसेंडी, ओमप्रकाश कोड़ापे, सोहन कोमरे, सुरेंद्र पटेल, गुलाब देवांगन, गणेश बेलचंदन आदि उपस्थित रहे।
अटैचमेंट की गलत नीति पर जताई नाराजगी
फेडरेशन की दूसरा प्रमुख मांग है कि बीईओ कार्यालय अंबागढ़ चौकी में बाबू की कमी है। दो बाबू को ब्लॉक अंतर्गत स्कूलों से संलग्न किया गया है। जबकि बीईओ चौकी में पदस्थ अंकित रामटेके सहायक ग्रेड- दो को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय राजनांदगांव में संलग्न करके रखा गया है। इस अटैचमेंट की गलत नीति का भी फेडरेशन ने विरोध किया है। संलग्नीकरण समाप्त कर रामटेके को मूल पदस्थ कार्यालय अंबागढ़ चौकी में वापस भेजने के लिए आदेशित करने की मांग की गई। उक्त दोनों मामले के अविलंब निराकरण के लिए कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया है।
