डोंगरगढ़ में हुए हार्डवेयर व्यापारी की हत्या मामले में पुलिस को अब तक कोई लिंक नहीं मिला है। कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने कुछ संदेहियों से पूछताछ की। लेकिन अब तक कोई भी ठोस सुराग पुलिस को नहीं मिल पाया है। हालांकि पुलिस लगातार पूछताछ जारी होने का दावा कर रही है।
हार्डवेयर व्यापारी रमेश जनबंधु 24 जून को डोंगरगढ से लापता हुए थे, इसके बाद 27 जून को उनका शव राउरकसा के डेम में मिला था। बाइक करीब 10 किमी. दूर तालाब में देखा गया। मामले को हत्या मानकर पुलिस जांच कर रही है। लेकिन सप्ताह भर से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी मुताबिक पुलिस अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन रमेश जनबंधु के हत्या के मामले में कोई भी ठोस लिंक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। डोंगरगढ़ पुलिस ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है, कुछ जानकारियों के आधार पर पूछताछ की जा रही है।
बालक की हत्या का मामला भी नहीं सुलझा: इधर डोंगरगढ़ इलाके के ही निगो जलाशय में 12 साल के बालक का शव मिला था। बालक की हत्या के बाद शव पत्थर से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। बालक की पहचान शहर से लगे इंदामरा के रहने वाले के रुप में हुई थी। मामले की जांच लालबाग पुलिस को सौंपी गई, लेकिन अब तक इस मामले में भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
