गढ़चिरौली पुलिस को नक्सल फ्रंट पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। सर्चिंग पर निकली फोर्स ने जंगल में गड़ा कर रखे नक्सलियों के 16 लाख रुपए बरामद किया है। इसके अलावा बैनर और दूसरे सामान भी पुलिस के हाथ लगे हैं। गढ़चिरौली एसपी अंकित गोयल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार की शाम सी-60 फोर्स एटापल्ली के कुदरी जंगल में सर्चिंग के लिए निकली थी। जहां से जंगल के बीच में पहाड़ी पर नक्सलियों के सामान गड़े होने की आशंका दिखी। टीम ने उक्त हिस्से में खुदाई शुरू की, जहां एक प्लास्टिक के ड्रम से 15 लाख 97 हजार रुपए पुलिस ने बरामद किया है।
एसपी गोयल ने बताया कि इलाके में नक्सली लगातार तेंदूपत्ता और निर्माण कार्य के ठेकेदारों से अवैध वसूली कर रहे थे, उक्त वसूली की रकम ही नक्सली जंगल के बीच में गड़ा कर रखे थे। कुंदरी जंगल से पुलिस को नकद रुपयों के अलावा विस्फोटक बनाने का सामान, पिठ्ठू और नक्सल साहित्य भी बरामद हुआ है। वसूली की रकम का इस्तेमाल नए हथियार सहित विस्फोटक सामान खरीदने में करते हैं।
लगातार बैकफुट पर जा रहा नक्सल संगठन
गढ़चिरौली इलाके में पुलिस की कार्रवाई तेजी से जारी है। कुछ समय पहले कुछ हार्डकोर नक्सली भी एनकाउंटर में ढेर हुए थे। इसके बाद दो महिला नक्सलियों ने सरेंडर भी कर दिया। दो माह पहले फोर्स ने नक्सलियों के हथियार बनाने के कारखाने को भी ध्वस्त कर दिया था। इलाके में नक्सल संगठन लगातार बैकफुट पर है। एसपी ने नक्सलियों को सरेंडर कर मुख्य धारा में लौटने की अपील की है।
