बुधवार को स्वास्थ विभाग में कार्यरत कर्मचारी सहित 20 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इनके साथ ही पहले मिले 13 मरीजों की छुट्टी कर दी गई है। नए मरीजों से कुल मरीजों की संख्या 96177 हो गई है। इसमें से 94218 मरीजों की रिकवरी और 1788 की मौत हो जाने से एक्टिव मरीजों की संख्या 171 रह गई है।
बुधवार को जिले के एक भी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई है। एक दिन पहले 26 मरीज मिले थे। इसके बाद आशंका जाहिर की जा रही थी कि संक्रमण में बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन दूसरे दिन संख्या में कमी आ गई है। इसके बाद जिला प्रशासन व हेल्थ विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।
2460 सैंपलों की जांच में मिले केवल 20 संक्रमित
बुधवार को जिले में 2460 सैंपलों की जांच की गई है। इसमें एक दिन पहले लिए गए 356 सैंपल भी शामिल हैं। कुल सैंपलों में 20 सैंपल संक्रमित मिले हैं। इससे संक्रमण दर 0.8 % आई है। जिले में लगातार आठवें दिन एक भी कोरोना मौत नहीं हुई है। जून में इससे पहले की 7 तारीखों में भी ऐसा हुआ, जिस दिन कोई मौत नहीं हुई है। कुल 30 दिनों में सबसे कम 23 मौतें हुई हैं। इस प्रकार जिले में पिछले करीब 15 दिनों से संक्रमण की दर 1 प्रतिशत के आसपास ही रही है। इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। ताकि केस न बढ़ें।
दुर्ग के 20 जगहों पर होगा वैक्सीनेशन, शेड्यूल जारी
दुर्ग शहर में 20 जगहों पर कोरोना वैक्सीनेशन के लिए इंतजाम किए गए हैं। जहां 1 जुलाई को बनाए गए केंद्रों में वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लगाया जाएगा। इन केंद्रों में आयुष बिल्डिंग जिला अस्पताल, यूपीएचसी धमधा नाका, पोटियाकला, बघेरा, महावीर कोविड सेंटर, दिगम्बर कोविड सेंटर, सिंधी धर्मशाला, नवीन प्राथमिक शाला पद्मनाभपुर, सिकोला भाठा स्कूल, आदित्य नगर स्कूल, बोरसी भाठा स्कूल, सुराना कॉलेज केलाबाड़ी, पुलगांव, बीआईटी कॉलेज, कृष्णा धर्मशाला गंजपारा, सरदार वल्लभ भाई पटेल स्कूल शनिचरी बाजार आदि शामिल हैं।
