छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में मंगलवार देर रात शराबी पिता से परेशान बेटियों ने उसकी हत्या कर दी। दोनों बहनों में इतना ज्यादा गुस्सा था कि उन्होंने टंगिया से पिता को गोद-गोदकर मार दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनों को हिरासत में ले लिया है। दोनों ही नाबालिग हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। घटना अंबागढ़ चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि शराबी अधेड़ पत्नी और बेटियों से मारपीट करता था।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलरगोंदी (भगवान टोला) निवासी सहदेव नेताम (45) शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि वह रोजाना ही शराब पीकर आता और अपनी पत्नी व बेटियों से मारपीट करता था। मंगलवार देर रात भी वह शराब पीकर घर पहुंच गया और पत्नी से मारपीट करने लगा। दोनों बेटियों ने देखा तो वह बीच-बचाव करने लगीं। इस पर सहदेव भड़क गया और वहां रखी टंगिया मारने के लिए उठा ली।

दोनों बहनों ने मां का बीच बचाव किया और टंगिया से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां को बचाने दोनों बहने पिता से भिड़ गईं
यह देखकर दोनों बहने अपने पिता से भिड़ गईं। उन्होंने सहदेव के हाथ से टंगिया छीन ली। इसके बाद उसी टंगिया से पिता पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए सहदेव घर से बाहर की ओर भागा, लेकिन दोनों बहनों ने उसे गोद-गोदकर मार दिया। पुलिस दोनों बहनों से पूछताछ कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वार किसने किया था।
पढ़ाई-लिखाई से रोकता, सरेराह बेटियों को पीटता था
चौकी प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर ने बताया कि सहदेव अपनी बेटियों और पत्नी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। उनको पढ़ाई-लिखाई से रोकता और परेशान करता। रास्ते में या बाजार में भी बेटियां कहीं मिल जाती तो सबके सामने उनको पीटना शुरू कर देता था। रात में शराब के नशे में पत्नी को पीट रहा था। तभी दोनों बहनों ने बीच बचाव किया और टंगिया से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
