कोविड-19 कोरोना के संक्रमण की रफ्तार पहले से कम हुई पर अभी वायरस पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इसके बाद भी बसंतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में नर्सेज सहित अन्य कर्मचारियों को सर्जिकल मास्क, ग्लब्स के लिए भटकना पड़ रहा है। पर्याप्त स्टॉक नहीं दिए जाने की वजह से नर्सेस को खुद की सुरक्षा के लिए बाहर से मास्क की खरीदी करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा मास्क और ग्लब्स की जरूरत सफाई कर्मचारियों को हैं पर इन्हें एक ही मास्क को दो से तीन दिन तक पहनना पड़ रहा है जबकि यह रिस्की है।
नर्सेस और कर्मचारी लगातार शिकायत कर रहे हैं कि वार्ड स्तर पर एंटी बायोटिक दवाइयों की भी कमी बनी हुई है। जिन कर्मचारियों को इन सामानों का स्टॉक रखने की जिम्मेदारी दी गई है, वे समस्या बताए जाने के बाद भी जरूरी सामान उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। बताया गया कि नए कर्मचारियों को स्टॉक रखने का जिम्मा मिला है।
हैरत की बात यह है कि वार्ड में जितने कर्मचारी कार्यरत हैं, उस हिसाब से मास्क भी नहीं देते। गिनती के मास्क देकर खानापूर्ति कर रहे हैं जबकि संक्रमण से बचाव के लिए मास्क ज्यादा जरूरी है। सहायक अधीक्षक डॉ सीएस मोहबे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से मास्क व अन्य सामान आए थे। जल्द ही कमी दूर कर दी जाएगी।
