दिग्विजय स्टेडियम के संचालन को लेकर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने स्टेडियम समिति की बैठक ली। बैठक में महापौर हेमा देशमुख उपस्थित थीं। कलेक्टर सिन्हा ने दिग्विजय स्टेडियम के निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए 15 जुलाई तक सभी निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खेल गतिविधियां प्रारंभ होनी चाहिए। खिलाडिय़ों को स्टेडियम में नि:शुल्क खेल सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के रखरखाव का कार्य एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। दिग्विजय स्टेडियम में निर्मित शॉपिंग कॉम्पलेक्स की 30 दुकानों को नगर निगम के माध्यम से प्रस्ताव लाकर नीलामी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों की नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग स्टेडियम के बकाया बिजली बिल राशि का भुगतान करने में किया जाए। वहीं दुकानों की नीलामी के बाद किराए से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग स्टेडियम के रखरखाव में करें।
