छुईखदान। टीकाकरण अभियान का व्यापक असर दिखने लगा है। संक्रमण को मात देने लोग घर से निकलकर टीका लगवाने केंद्र पहुंच रहे हैं। बुजुर्गों को घर से निकलता देख युवा भी टीका लगवाने आगे आ रहे हैं। एक सप्ताह से ब्लाक में टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ ली है। ब्लाक में अब तक 48000 हजार लोगों को सुरक्षा का टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है। ग्रामीण कतार में खड़े होकर सुरक्षा का टीका लगवा रहे हैं। साथ ही लोगों को कोविड टीका लगाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। छुईखदान ब्लाक में 45 प्लस वाले 40143 और 18 प्लस वाले 92655 लोगों को सुरक्षा का टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य विभाग अपने लक्ष्य के करीब पहुंचता नजर आ रहा है।
45 प्लस में करीब 35 हजार लोगों को टीका लग गया है। वहीं 18 प्लस में करीब 13 हजार युवाओं को सुरक्षा का टीका लग गया है। प्रतिशत पर नजर डाला जाए तो बुजुर्गों ने 87 फीसद और युवाओं ने 14 फीसद टीका लगवा लिया है। टीका को लेकर बुजुर्गों ने युवाओं को पछाड़ दिया है। 45 प्लस में चार हजार से अधिक लोगों और 18 प्लस में 326 से अधिक लोगों को दूसरा डोज लग चुका है। ब्लाक में औसतन तीन हजार लोगों को कोविड टीका लगाया जा रहा है। कोविड टीकाकरण को लेकर बुजुर्गों में उत्साह है। बुजुर्गों को देख युवा टीका लगवाने सामने आ रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रशासन द्वारा टीकाकरण को लेकर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का काफी असर युवाओं पर पड़ा है। वहीं दूसरी ओर अफसर लगातार टीकाकरण की मानिटरिंग कर रहे हैं। केंद्रों में जाकर टीकाकरण की स्थति की जानकारी ले रहे हैं। वहीं ग्रामीणों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
शत्-प्रतिशत टीकाकरण को लेकर अफसरों ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर व प्रशासनिक अधिकारी लगातार गांव-गांव पहुंचकर टीकाकरण की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही गांव-गांव में मुनादी कराकर टीका लगवाने का आव्हन किया जा रहा है। ताकि शत्-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकें। टीकाकरण को लेकर अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। इधर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं।
खैरागढ़। मोर गांव टीकाकरण महाअभियान का ब्लाक मे सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। रविवार को 41 गांव, शहर में छह, पांच पीएचसी और सीएचसी को मिलाकर 53 जगहों मे टीकाकरण केंद्र बनाकर महाअभियान चलाया गया। इसके लिए ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए नागरिकों को टीका के महत्व, कोरोना वायरस से रोकथाम और जीवन बचाने वैक्सीन की आवश्यकता पर जोर देते हुए घर-घर जाकर मैदानी अमले ने लोगों को टीकाकरण केंद्रो तक पहुंचाया।
महीने भर पहले एक समय था जब लोग वैक्सीनेशन के नाम से दूर भागते थे लेकिन अब राज्य, जिला और ब्लाक स्तर द्वारा चल रहे जनजागरूकता अभियान के कारण फैले अफवाह को दरकिनार कर लोग केंद्रों में कतारबद्ध खड़े होकर बारी का इंतजार करते देखे गए। महाअभियान में 18 साल के युवा से लेकर 92 वर्ष के बुजुर्ग भी टीका लगवाने पहुंचे, बाजार अतरिया के 91 साल के बुजुर्ग फगुआ गुप्ता टीकाकरण से दूर भागने वाले युवाओ के लिए प्रेरणास्त्रोत बने। जिससे यह स्पष्ट है कि इस दिशा मे लोग जागरूक हो रहे है और इस अलख को जगाने युवा एवं बिहान की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
महाअभियान के इस चरण मे 53 टीकाकरण केंद्रो छह हजार 448 लोगो को टीका लगाया गया। बीएमओ डा. विवेक बिसेन, बीपीएम सतंजय ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग का मैदानी और आफिस स्टाफ केंद्रो से लगातार जुडे रहे, वैक्सीनेटर को समय समय पर वैक्सीन उपलब्ध कराने के साथ-साथ कोविन एप्लीकेशन में आ रही तकनीकी दिक्कतों व परेशानी को दूर करते हुए मार्गदर्शन करते रहे, ग्रामीणो को प्रेरित कर केंद्रो तक लाने व टीका लगवाने मे ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं विभिन्ना विभाग के मैदानी अमले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, रोजगार सहायक, शिक्षक, मितानीन, बिहान योजना की सक्रिय महिला, पशु सखी, कृषि सखी, महिला समूह सदस्यों ने दल गठित कर घर-घर जाकर लोगो को जागरूक करने में विशेष सहयोग दिया।
महाअभियान मे ब्लाक स्तर पर हर दो घंटे में टीकाकरण की रिपोर्टिंग को लेकर एबीईओ अमरीका देवांगन, ढालेश्वर देवांगन ने केंद्रो में तैनात शिक्षकों से जानकारी लेकर ब्लाक और जिला स्तर मे जानकारी दी, एसडीएम लवकेश धु्रव के मार्गदर्शन मे कंट्रोल रूम मे ग्रामवार और उम्रवार टीकाकरण की जानकारी प्रमोद चौधरी व प्रेमचंद साहू द्वारा सचिवों और नोडल टीम से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक घंटे निरंतर रिपोर्टिंग करते रहे।
रोजगार सहायकों द्वारा हितग्राहियों का कोविन एप्लीकेशन में आनलाइन पंजीयन किया तकनीकी दिक्कतों को लेकर समस्या निवारण की जिम्मेदारी जनपद स्तर के नोडल अधिकारी सौरभ ताम्रकार, वैद्यनाथ वर्मा ने संभाली और ब्लाक के सभी विभागों के मैदानी और आफिस स्टाफ ने आपसी तालमेल और समन्वय बनाकर मोर गांव टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाया।
कोरोना रोकथाम को लेकर जारी वैक्सीनेशन का लाभ अब सलोनी उपजेल के विचाराधीन बंदियों को मिला। इसके लिए सलोनी उपजेल के स्टाफ द्वारा रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। ताकि जल्द ही सभी बंदियों को वैक्सीन का पहला डोज लग सकें। हालांकि पहले 16 और बाद मे 42 को वैक्सीन लगा है और वर्तमान में 111 लोग बंदी है जिन्हें कोरोना महामारी से बचाने जेल प्रबंधन द्वारा वैक्सीनेशेन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके लिए जेल प्रबंधन द्वारा बंदियो के परिजनों से उनका आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज मंगाया जा रहा है और जैसे-जैसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो रहा है उनका वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि उपजेल मे मौजूद बंदियों मे अधिकांश बंदी मार्च अप्रैल महीने में कोरोना की दूसरी लहर से संक्रमित हो चुके हैं जिसे देखते हुए बंदियो के सवास्थ्य सुरक्षा को लेकर टीकाकरण किया जा रहा है। संबंध मे जेल अधीक्षक रेणु ध्रुव ने बताया कि जेल मे विचाराधीन बंदियों का टीकाकरण किया जा रहा है, उनके परिजनों से संपर्क कर शासन के नियमों के अनुरूप टीकाकरण कराया जा रहा है।
