भारत ने सोमवार को अग्नि सीरीज की आधुनिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। अग्नि प्राइम नाम की इस मिसाइल की रेंज 2000 किमी है। यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ओडिशा के तट पर सुबह 10.55 बजे मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
अग्नि प्राइम की रेंज 2000 किमी है और यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।
मिसाइल के परीक्षण के बाद DRDO के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षण के दौरान अग्नि प्राइम सभी पैमानों पर सटीक पाई गई है। ट्रैकिंग रडार और टेलीमेट्री के जरिए मिसाइल के टारगेट तक पहुंचने की निगरानी की गई। सभी पैमानों पर न्यूक्लियर हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइल का प्रदर्शन शानदार रहा।
मोबाइल लॉन्चर से दागी जा सकती है
वैज्ञानिकों के मुताबिक, अग्नि प्राइम को 4000 किमी रेंज वाली अग्नि-4 और 5000 किमी रेंज वाली अग्नि-5 के टैक्नीकल स्पेसिफिकेशंस के साथ तैयार किया गया है। लिहाजा, इसकी टेक्नोलॉजी काफी एडवांस है। नई मिसाइल वजन में हलकी है और इसे मोबाइल लॉन्चर से भी फायर किया जा सकता है।
नई मिसाइल वजन में हलकी है और इसे मोबाइल लॉन्चर से भी फायर किया जा सकता है।
जल्द सेना में शामिल किए जाने की उम्मीद
अग्नि प्राइम मिसाइल दो स्टेज प्रोपेल्शन सिस्टम से चलती है और सॉलिड फ्यूल पर आधारित है। इसका गाइडेंस सिस्टम इलेक्ट्रोमैकेनिकल एक्ट्यूएटर्स से लैस हैं। अग्नि प्राइम न सिर्फ 2000 किमी की दूरी पर दुश्मन के वॉरशिप को निशाना बना सकती है, बल्कि परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम वॉरहेड इसे और खतरनाक बना देता है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसे जल्दी ही सेना में शामिल किया जा सकता है।
अग्नि मिसाइल का पहला परीक्षण 1989 में हुआ
भारत ने 1989 में अग्नि मिसाइल का परीक्षण किया था। उस मिसाइल की मारक क्षमता 700 से 900 किमी तक थी। इसे 2004 में सेना में शामिल किया गया था। अब तक भारत अग्नि सीरीज की 5 मिसाइल लॉन्च कर चुका है।
