कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण को अब अभियान बनाकर जन-जन को जोड़ा जा रहा है। गुरुवार को टीका उत्सव मनाकर जनप्रतिनिधि से लेकर ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए गांव-गांव में वैक्सीनेशन किया गया। अभियान में पुलिस भी अपनी भागीदारी निभाते हुए लोगों को जागरूक कर रही है। गुरुवार को बागरेकसा में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला वैक्सीन लगवाने पहुंची थी।
टीकाकरण अभियान के प्रचार-प्रसार में निकली बोरतलाव पुलिस की टीम की नजर बुजुर्ग महिला पर पड़ी तो मानवता की मिसाल पेश करते हुए टीआई अब्दुल समीर ने पेट्रोलिंग गाड़ी से बुजुर्ग महिला को घर तक पहुंचाया और वैक्सीन लगने के बाद मास्क का वितरण भी किया। इसके अलावा टीआई के नेतृत्व में गांव-गांव में जनचौपाल लगाकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
अंबागढ़ चौकी|बुधवार को ग्राम पंचायत गौलीटोला के आश्रित ग्राम घोरदा, मेटेपार, गौलीटोला में जागरूकता अभियान चलाकर वैक्सीनेशन शिविर लगाया गया। एसडीएम व तहसीलदार के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। मोबाइल टीम ने ग्राम घोरदा के 18 प्लस के 180 में से 95 लोगों का वैक्सीनेशन किया। उसी प्रकार से ग्राम मेटेपार में कुल 60 और ग्राम गौलीटोला में 50 लोगों का टीकाकरण किया गया।
गौलीटोला पंचायत में बुधवार को कुल 205 लोगों का टीकाकरण किया गया। वैक्सीनेशन शिविर में बीईओ संजय कुमार जौहरी, संकुल समन्वयक श्रीबास दत्त, सरपंच नोहर सिंह धनंजय, शिक्षक राजेश्वर साहू, कृपा राम साहू, राकेश कुमार श्रीवास, देवेंद्र निषाद, रंजीता दत्त आदि का सहयोग रहा।
गंडई पंडरिया| नगर में कोरोना के रोकथाम के लिए गंडई में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार के वार्ड में शिविर था, जहां सुबह से ही अध्यक्ष ताम्रकार, सीएमओ प्रमोद शुक्ला, तहसीलदार त्रिभुवन वर्मा, वार्डवासी किसन यादव, कमल किशोर नेताम, हेमंत मरकाम मौजूद रहे। शिविर में खास बात रही कि बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने टीकाकरण में हिस्सा लिया। नगर में सामुदायिक भवन वार्ड क्रमांक दो में वैक्सीनेशन कैंप वार्ड लगाया गया था।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार ने अधिकारी-कर्मचारियों से मिल कर वार्ड नंबर एक और दो में लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। इस महोत्सव में गुरुवार को एक दिन में रिकार्ड 150 से ऊपर लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूकता दिखाई।
