सुरक्षित टीका, सुरक्षित परिवार जनअभियान के अंतर्गत टीका महोत्सव में दूरदराज क्षेत्रों तक टीकाकरण के लिए जनसामान्य में अभूतपूर्व उत्साह रहा। बारिश होने के बावजूद लोगों में टीकाकरण के लिए जज्बा कम नहीं हुआ। अपने घरों से निकलकर युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में टीकाकरण केंद्रों में पहुंचकर न केवल टीका लगवा रहे हैं, बल्कि दूसरों को भी टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। देर शाम तक लगभग 33 हजार से ज्यादा व्यक्तियों के टीकाकरण की जानकारी कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने दी है।
उनका दावा है कि यह आंकड़ा राजधानी रायपुर से भी अधिक है। पूरे राज्य में एक दिन में यह सर्वाधिक है। इस कार्य के लिए जिला प्रशासन की टीम ने अपनी ताकत झोंकी है। टीका महोत्सव में छुईखदान विकासखंड के ग्राम देवपुरा की 81 वर्षीय बुजुर्ग पुसइया बाई ने टीका लगवाया है। वहीं डोंगरगांव विकासखंड की 82 वर्षीय सागरता बाई ने वैक्सीन लगवाया। मानपुर विकासखंड में ग्राम भर्रीटोला में बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण के लिए आगे आए।
छुईखदान विकासखंड के ग्राम लिमो में सहयोग एवं सेवा की भावना से लोग मदद करने आगे आए। 78 वर्षीय बुजुर्ग रावत बाई पटेल को टीका लगवाने मोहम्मद इरशाद एवं शबाना खान अपने वाहन से टीकाकरण केन्द्र तक लेकर गए।
राजनांदगांव जिले के लिए बड़ी उपलब्धि: सिन्हा
कलेक्टर सिन्हा ने कहा है कि जिले के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। सुरक्षित टीका-सुरक्षित परिवार अभियान के टीकाकरण महोत्सव में अभूतपूर्व उत्साह रहा हैं। प्रशासन के आह्वान पर बड़ी संख्या में महिलाएं-पुरुष, युवा-बुजुर्ग स्वयं को टीका लगवाने के लिए आगे आए। उन्होंने आज के अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, समाज सेवी संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सों, मितानिनों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। राजनांदगांव को कोरोना से पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए उन्होंने इसी तरह के जोश और एकजुटता के साथ इस मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील की है।
