– कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का बना प्रभावी माध्यम
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का त्वरित कार्रवाई करते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निराकरण किया जा रहा है। राजनांदगांव तहसील अंतर्गत ग्राम ईरा निवासी किसान चिंताराम साहू ने बताया कि वे लंबे समय से अपने खाता विभाजन के लिए प्रयासरत थे। किसान चिंताराम ने अपनी समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत किया। राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए एक माह के भीतर खाता विभाजन का निराकरण किया गया। इसके पश्चात तहसीलदार राजनांदगांव द्वारा आवेदक चिंताराम साहू को ऋण पुस्तिका प्रदान की गई।
इसी प्रकार ग्राम मोहड़ निवासी किसान नाथूराम के प्रकरण का भी त्वरित निराकरण किया गया और उन्हें भी ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। जिससे वे शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं एवं बैंक ऋण सुविधाओं का लाभ लेने में सक्षम हो सकेंगे। कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। किसान अपने भूमि संबंधी दस्तावेज समय पर प्राप्त कर शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से ले पा रहे हैं। जनदर्शन कार्यक्रम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जिससे किसानों एवं जनसामान्य को सीधे लाभ मिल रहा है।







