राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान पूर्ण न होने व उसके आबंटन में अनावश्यक देरी को लेकर नगर निगम आयुक्त का घेराव करने नगर निगम पहुंची भाजपा ने कोरोना अनुशासन की जमकर धज्जियां उड़ाई। कार्यकर्ताओं तो दूर जिम्मेदारी पदाधिकारियों ने भी शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया। कई तो बिना मास्क लगाए ही पहुंचे थे। गेट के पास नारेबाजी के बाद आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति रही। भाजपा ने चेतावनी दी है कि पात्र व्यक्तियों को जल्द ही योजना का लाभ नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा के उत्तर मंडल के अध्यक्ष अतुल रायजादा, दक्षिण मंडल के अध्यक्ष तरुण लहरबानी, प्रतिपक्ष किशुन यदु, महिला मोर्चा व युवा मोर्चा की तरफ से आयुक्त को ज्ञापन सौंपने कार्यकर्ताओं की टीम नगर निगम पहुंची थी। मुख्य द्वार से ही नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता आयुक्त के कक्ष के बाहर तक जा पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कोई नहीं रूका। परिसर के अंदर जाकर आयुक्त के खिलाफ तीखी नारेबाजी की गई। कुछ देर बाद बाहर आकर आयुक्त ने ज्ञापन लिया। लेकिन पूरे प्रदर्शन के दौरान कोरोना प्रोटोकाल की जमकर धज्जियां उड़ाई गई।
नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने बताया कि विगत दो वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के मकान स्वीकृत हो चुके हैं, परंतु नगर निगम द्वारा हीलाहवाला किया जा रहा है। कई बार मांग की जा चुकी है परंतु आज तक मकान निर्माण संबंधित कोई कार्रवाई नहीं की गई है। साथ ही पूर्व में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास की राशि का भुगतान भी लंबित है। कई गरीब परिवार पैसा खर्च कर चुके हैं। केंद्र सरकार से पैसा भी आ चुका है परंतु निगम द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिसके कारण गरीबों में आक्रोश है। ज्ञापन देने के समय प्रमुख रूप से शिव वर्मा, मोनू बहदुर सिंह, पारूल जैन, अशोकदित्य श्रीवास्तव, विजय राय, पारस वर्मा, शरद सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल थे।
महापौर हेमा देशमुख ने ज्ञापन के दौरान नगर निगम आयुक्त के विरूद्ध गंदी टिप्पणी करने पर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे भाजपा का ओछी मानसिकता का परिचय करार दिया है। महापौर ने अपने बयान में कहा कि भाजपा के पार्षद व पदाधिकारियों द्वारा निगम परिसर में आकर आयुक्त के विरूद्ध गंदी टिप्पणी व नारेबाजी निंदनीय है। क् उन्होंने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपने पार्षदों के साथ आकर आयुक्त से चर्चा कर सकते थे। भीड़ जुटाकर विरोध करना एक बहाना मात्र है।
जल्द पूरा होगा काम
पीएम आवास बन रहा है। पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण थोडी देरी जरूर हुई है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।
