राजनांदगांव। फेरी की आड़ में सूने मकान का ताला तोड़कर गहने व नगदी रूपये पर हाथ साफ करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के आठ आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके साथ पुलिस ने अनुपपुर मध्यप्रदेश के एक सराफा व्यवसायी को भी पकड़ा है, जिनके पास आरोपितों ने चोरी के गहनों को बेचा था। सोमवार को पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण ने पत्रकार वार्ता में जिले में हुए चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया, जिसमें इन आरोपितों ने हाथ साफ किया था।
आरोपितों ने जिले के आठ अलग-अलग थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का अंजाम दिया था। वहीं दूसरे जिले व राज्यों में भी चोरी की वारदात कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन लाख 85 हजार रूपये के चोरी के सामान बरामद किया है। जिसे आरोपितों ने छिपाकर रखा था। चोरी के आठ मामले में एक लखोली जनता कालोनी का भी मामला है, जिसे बीते चार जून से आठ जून के बीच आरोपितों ने अंजाम दिया है। मकान मालिक चुन्नाी लाल डेकाटे बीते चार जून को अपने परिवार के साथ नागपुर गया था, वहां से जब आठ जून को सभी लौटे तो घर के दरवाजों का ताला टूटा हुआ था।
करीब तीन लाख 65 हजार रूपये के सोना व चांदी के गहनों के साथ एक लाख रूपये नगद की चोरी की गई थी। इसकी विवेचना के दौरान ही पुलिस को पता चला कि चिचोला में कुछ फेरी वाले संदिग्ध है। सूचना के बाद पुलिस की टीम चिचोला के टप्पा गांव से एक संदेही मो. अबू बकर सिद्वीकी उर्फ आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें संदेही ने चोरी के सभी मामलों का पर्दाफाश किया। इसके बाद आरोपित आकाश की निशानदेही पर पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया। एसपी डी. श्रवण ने कहा कि चोर गिरोह का एक मास्टर माइंड फरार है। जिसकी बांग्लादेश में घुसपैठ होने की सूचना मिली है। पुलिस फरार आरोपित की पतासाजी कर रही है।
पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के आठ आरोपितों के साथ मध्यप्रदेश अनुपपुर के एक सराफा व्यवसायी को गिरफ्तर किया है। इसमें एक मास्टर माइंड आरोपित फरार भी है, जिसके बांग्लादेश में घुसपैठ होने की आशंका भी पुलिस ने जताई है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही मामले का पर्दाफाश होगा। पुलिस ने महासमुंद सराइपाली तोषगांव के 28 वर्षीय मो. अबू बकर उर्फ आकाश पिता हफीज खान उर्फ शंभू यादव, तलैया मध्यप्रदेश के छोले वार्ड 14 में रहने वाले 22 वर्षीय फरजान पिता मसूद खान, पश्चिम बंगाल दक्षिणी दिनाजपुर के शाहपखुद के 19 वर्षीय सुमंत खंडोकार पिता अब्दुल अव्वल, ओडिसा संबंलपुर के सोनापाली के 33 वर्षीय मो. मकसूद उर्फ कालू पिता मो. असलम अली, राजस्थान जयपुर चार दरवाजा सैयद कालोनी के 26 वर्षीय मो. जानी अली पिता मो. रहमत अली, कर्नाटक भागलकोट के जामखंडी सिरोलकर बस्ती में रहने वाले 20 वर्षीय मो. सुमंत खान पिता स्व. मो. सलाम खान, कोरापुट ओडिसा के 28 वर्षीय मासूम शेख पिता अमीर शेख, पश्चिम बंगाल के दक्षिणी दिनाजपुर के शाहपखुर निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद बादोल उर्फ बादल राय पिता जायेद उल उर्फ रंजीत राय सहित आदर्श नगर अनुपपुर मध्यप्रदेश के 36 वर्षीय ज्वेलर्स संचालक विकास सोनी पिता दुर्गा प्रसाद सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
संदेही के रूप में पकड़े गए आरोपित महासमुंद सराइपाली के तोषगांव निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद अबू बकर सिद्धीकी उर्फ आकाश पिता हफीज खान उर्फ शंभू यादव ने चोरी के मामलों से पर्दा उठाया। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वो लखोली जनता कालोनी के अलावा लखोली क्षेत्र में ही करीब दो माह पहले अपने साथी गोविंदा उर्फ अशरफ खान व मोहम्मद बादोल उर्फ बादल राय के साथ चोरी की घटना की थी। वहीं शहर से लगे ग्राम धर्मापुर में करीब डेढ़ माह पहले मोहम्मद बादोल और सुमंत खंडोकार के साथ और 20-25 दिन पहले शहर के बर्फानी आश्रम के पीछे स्थित कालोनी में चोरी की थी। पुलिस ने बताया कि शहर व ग्रामीण क्षेत्र मिलाकर आरोपितों ने जिले में करीब आठ जगहों पर चोरी की घटना की है।
पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण ने बताया कि अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टर माइंड फरार है। जिसका कनेक्शन बांग्लादेश से होने की आशंका जताई है। एसपी ने कहा कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। पतासाजी कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों से भी पूछताछ किए हैं। चोरी में घुसपैठ करने का खुलासा हुआ है।
