छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। महापौर हेमा देशमुख ने तो अपने घर के सामने बैठकर चूल्हा जलाकर, उस पर सब्जी बनाई। उनके साथ महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता भी शामिल हुई।
लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर छत्तीसगढ़ में सत्तारुढ़ पार्टी कांग्रेस मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। दो दिन पहले कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में पांच मिनट का चक्काजाम कर विरोध किया था, वहीं अब महिला कांग्रेस ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
राजनांदगांव में महापौर हेमा देशमुख ने महंगाई का अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गैस सिलेंडर को नजदीक रखकर चूल्हे पर लकड़ी जलाकर सब्जी बनाई। महापौर का अंदाज शहर में चर्चा का विषय रहा। उनके साथ महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी धरना दिया और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की वजह से तमाम सेक्टर बंद है। लेकिन पीएम मोदी की कथनी और करनी में फर्क है। हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। खाद्य तेल,पेट्रोल-डीजल, दाल सभी महंगा हो गया। आम जनता त्रस्त है और मोदी सरकार मस्त है। आज किसान से लेकर गृहिणी और युवा, हर वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है।
पीएम मोदी के भाषण की जारी की थी सीडी
प्रदेश कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महंगाई पर दिए पिछले भाषणों की सीडी पिछले बुधवार को जारी की थी। सीडी में फिल्म पीपली लाइव के प्रसिद्ध गीत महंगाई डायन खाए जात है, के साथ महंगाई के खिलाफ छह भाषणों के अंशों का उपयोग किया गया। इसमें कुछ पीएम मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद के है। वहीं अधिकतर 2014 से पहले के भाषण शामिल हैं।
