राजनांदगाव। कोविड महामारी के चलते जिले के कई बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। इनबेसहारा बच्चों को शासकीय स्कूल में प्रवेश दिलाने और स्कूलों में प्रवेश की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा ने कलेक्टर से मुलाकात की। कलेक्टर ने भाजपा के प्रतिनिधिमंडल को फरोसा दिलाया कि शासकीय स्कूलों में सीट और समय दोनों बढ़ाए जाएंगे।
जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव के नेतृत्व में जिला प्रवक्ता रविंद्र सिंह शहर मंडल अध्यक्ष तरुण लहरवानी ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपने के साथ ही कलेक्टर से इस विषय पर सार्थक चर्चा भी की। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान नागेश यदु व पंकज भी प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
बता दें कि कोरोना से अनाथ हुए बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने की बात राज्य सरकार ने कहीं है। ऐसे बच्चों को सरकारी और निजी स्कूलों में निश्शुल्क प्रवेश दिलाया जाएगा। इसके लिए नीति भी सरकार द्वारा बनाई गई है। इस नीति में कई तरह की खामियां और विसंगतियां है। इन खामियों और विसंगतियों पर सरकार का ध्यान आकर्षण कराने के लिए भाजपा ने यह ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है। इस मामले में कलेक्टर ने कहा कि ऐसे मामलों में इच्छुक छात्र प्रवेश लेने के लिए जब तक आवेदन करते रहेंगे तब तक आवेदन लिया जाएगा। आवश्यकतानुसार सीटों की संख्या में वृद्धि भी की जाएगी। इसी तरह स्कूलों में सूचना को प्रसारित प्रचारित करने के लिए गाइडलाइन को भी भेजा जाएगा।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों से शासकीय विद्यालयों में प्रवेश लेने वालों की संख्या अधिक है। इच्छुक व्यक्तियों की तुलना में सीटों की संख्या काफी कम है। ऐसे में बच्चों को कैसे प्रवेश दिया जाएगा। भाजपा ने सभी स्कूलों में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की। वहीं निजी स्कूलों में हिन्दी मीडियम में पढ़ाई करने वाले छात्रों को आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल में कैसे प्रवेश दिया जाएगा। इसकी स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। वहीं जो छात्र प्राइवेट स्कूल में ही पढ़ना चाहते है उनके लिए क्या विकल्प होगा यह भी स्पष्ट नहीं है। इन सभी खामियों को दूर करने से छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।
