युवाओं का लग रहा जमावड़ा
स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़
शिकायत के बाद भी कार्यवाही शुन्य
राजनांदगांव . शहर सहित जिलेभर में अवैध कारोबार का बोलबाला चल रहा है. इसी बीच अब युवा नए- नए नशे की ओर खींचे चले जा रहे है. जिसका फायदा होटल मालिक बखूबी उठा रहे है और खुलेआम जुआ तथा हुक्काबार संचालित कर रहे है. जिसकी शिकायत भी कई बार की जा चुकी है. लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है.
मिली जानकारी के अनुसार शहर से लगी दो बड़ी होटलों सहित हाईवे के कई ढाबों में खुलेआम जुआ और हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है. जहां रोज युवाओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है. यहां युवा हुक्का बार और जुआ खेलते नजर आ रहे है. जिसकी शिकायत कई बार हो जाने के बाद भी कार्यवाही नहीं होना समझ से परे है.
इन होटलों का में चल रहा हुक्का बार और जुआ
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर से लगे पेंड्री स्थित एक होटल एवं सोमनी के पास स्थित एक बड़ी आलीशान होटल सहित हाईवे के कुछ ढाबों में खुलेआम हुक्का बार और जुआ खेलाने की जानकारी सामने आ रहा है. पुलिस ने लाक डाऊन के दौरान एक बड़ी होटल में छापामार कार्यवाही भी की थी और होटल संचालक के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला भी पंजीबद्ध किया गया था. इसके बाद भी उक्त होटल संचालक के हौसले बुलंद नजर आ रहे है और अब जुआ के साथ- साथ हुक्का बार भी संचालित किया जा रहा है.
जोगी कांग्रेस ने की शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार गत दिनों जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर सहित हाईवे के ढाबों में चल रहे अवैध कारोबार को लेकर शिकायत की है. शिकायत में कहा गया है कि यदि हुक्का बार पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं होती है तो जोगी कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगा.
आवेदन मिला है- तोमर
इस संबंध में आबकारी अधिकारी श्री तोमर का कहना है कि हुक्काबार संचालन के संबंध में आवेदन मिला है. इस पर विभाग द्वारा कोई लायसेंस जारी नहीं किया जाता है. इस पर कार्यवाही नगर निगम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग कर सकता है.
शिकायत मिलने पर कार्यवाही होगी- प्रज्ञा मेश्राम
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम का कहना है कि हुक्का बार एवं जुआ खिलाने की शिकायत मिलती है तो कार्यवाही जरूर की जाएगी. हुक्का बार की कार्यवाही निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम के साथ की जाएगी.
