भाजयुमो की टीम ने बुधवार को रोजगार कार्यालय का घेराव किया और प्रदेश सरकार पर बेरोजगारों से छल करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनावी घोषणाओं को याद दिलाया। प्रदर्शन के दौरान बताया कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पूर्व अपने घोषणापत्र में युवाओं से वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद बेरोजगार युवाओं को 25 सौ रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने कहा कि अगर युवाओं के हित में जल्द वादों को पूरा नहीं किया गया, तो भाजयुमो प्रदेश स्तर पर युवाओं के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद मोन्टू यादव, पारस वर्मा, गगन आईच, मणीभास्कर गुप्ता, नरेन्द्र हंसा, गोलू सूर्यवंशी, गोलू गुप्ता, सुमीत भाटिया, अरुण साहू, प्रखर श्रीवास्तव आदि माैजूद थे।
