चिचोला में जिला सरपंच संघ की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए जल्द ही मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं को सामने रखने का निर्णय लिया गया। सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष बेदराम साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में लंबित मनरेगा भुगतान सहित 15 वें वित्त की राशि को लेकर चर्चा की गई।
मनरेगा से हुए कार्यों का जल्द से जल्द भुगतान करने तथा मनरेगा निर्माण कार्य में 40 प्रतिशत अग्रिम राशि प्रदान करने की मांग होगी। 15 वें वित्त की राशि पर जारी राज्य सरकार के दिशा-निर्देश को शिथिल किया जाए ताकि सरपंचों को कार्य करने में सरलता हो, सरपंचों का मानदेय न्यूनतम 5 हजार करने की मांग भी उठाई जाएगी।
पंचायत को दें अधिकार: ग्राम पंचायत के अधिकार वाले कार्य प्रमाणीकरण व फौती के अधिकार को पंचायत को दिया जाए, पंचायत में हो रहे निर्माण कार्य के एसओआर अनुपात को वर्तमान मूल्य के अनुसार संशोधित करने की मांग भी की जाएगी। राजनांदगांव सरपंच संघ के अध्यक्ष नोमेश वर्मा ने बताया कि इन विषयों को लेकर सोमवार को सरपंच संघ द्वारा जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव से मिलकर बात रखने का निर्णय लिया गया है। बैठक में राजनांदगांव सरपंच संघ अध्यक्ष नोमेश वर्मा, छुईखदान ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष नंद बाबा, ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र कोड़ापे आदि मौजूद रहे।
