डोंगरगांव से लगे ग्राम मोहड़ में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी बेटे ने थाने में सरेंडर भी कर दिया। मामला जमीन बेचने को लेकर विवाद को बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक उमरवाही स्कूल में भृत्य के रुप में कार्यरत 61 वर्षीय अनिल सहारे अपनी कुछ जमीन बेचना चाह रहे थे, लेकिन उनका बेटा वीरेंद्र (33) जमीन बेचने से मना कर रहा था।
वीरेंद्र गांव में अपनी जमीन पर ही खेती किसानी कर जीवन यापन करता है, ऐसे में वह जमीन का कोई भी हिस्सा नहीं बेचना चाहता था। इसी बात को लेकर बाप-बेटे के बीच आए दिन विवाद हो रहा था। शुक्रवार सुबह भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। आक्रोश में आकर वीरेंद्र ने अपने पिता पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। जिससे अनिल के सिर पर गंभीर चोटें आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आक्रोश में हुई घटना के बाद क्षुब्ध होकर आरोपी वीरेंद्र ने खुद ही पुलिस के समक्ष सरेंडर कर अपना अपराध स्वीकार लिया।
पीएम के बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार किया
इधर हत्या की खबर फैलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गांव के लोग अनिल के घर के बार जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस की टीम पहुंची। जिन्होंने शव पीएम के लिए रवाना किया। पीएम के बाद दोपहर बाद अनिल के शव का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अनिल के दो बेटे हैं, दोनों ही गांव में खेती-किसानी का काम देखते हैं।
